अपर कलेक्टर ने उर्वरक उपलब्धता और वितरण व्यवस्था का किया समीक्षा
शनिवार को जिले को मिलेगी 450 मैट्रिक टन यूरिया
अनूपपुर 4 सितंबर 2025/ अपर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार पांडेय ने मध्यप्रदेश किसान संगठन के प्रतिनिधियों के साथ अनूपपुर जिले में उर्वरक उपलब्धता और वितरण व्यवस्था के संबंध में बैठक लेकर किसान संगठनों के प्रतिनिधियों से निरंतर संवाद स्थापित करने के निर्देश कृषि, सहकारिता एवं म.प्र. राज्य सहकारी विपणन संघ के अधिकारियों को दिए। अपर कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में उर्वरक वितरण व्यवस्था की पुख्ता निगरानी की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को उनकी जरूरत का उर्वरक उन्हें उपलब्ध हो सके।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री पांडेय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह डबल लॉक पैक्स एवं निजी विक्रय केन्द्रों का आकस्मिक सत्यापन करने के साथ ही उनकी गहन मॉनिटरिंग भी करें। उन्होंने कृषि, सहकारी बैंक, विपणन संघ के अधिकारियों को निर्देशित किया कि संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के सतत् संपर्क में रहकर उर्वरक वितरण व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखें। जिले में यूरिया सहित सभी प्रकार के उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है, सभी किसानों को जरूरत के मुताबिक उर्वरक मुहैया कराई जाएगी।
जिले में शनिवार को मिलेगी 450 मैट्रिक टन यूरिया
बैठक में चर्चा के दौरान उप संचालक कृषि ने बताया कि शनिवार को अनूपपुर जिले में 450 मेट्रिक टन यूरिया की एक और खेप झुकेही रैंक पॉइंट से अनूपपुर आएगी तथा किसानों को समुचित रूप से यूरिया का वितरण किया जाएगा।
उर्वरक की कालाबाजारी पर करें सख्त कार्यवाही
बैठक में अपर कलेक्टर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि उर्वरक की कालाबाजारी, अवैध परिवहन, अवैध भंडारण, टैगिंग एवं नकली उर्वरक विक्रेताओं और इस कार्य में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाए तथा इस पर सतत् रूप से निगरानी भी रखी जाए जिससे जिले में उर्वरक को लेकर किसी प्रकार की कालाबाजारी ना हो सके।
अपर कलेक्टर ने अधिकारियों को पारदर्शिता बरतने दिए निर्देश
अपर कलेक्टर श्री पांडेय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उर्वरक वितरण व्यवस्था में पूरी तरीके से पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। बेहतर से बेहतर वितरण व्यवस्था बनाया जाए ताकि किसानों को उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि उर्वरक की उपलब्धता और वितरण से संबंधित जानकारी से स्थानीय प्रतिनिधियों और किसान संगठनों के पदाधिकारियों को अवश्य अवगत कराएं।
बैठक में किसान संगठनों के जनप्रतिनिधियों ने भी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सुझाव दिए। जिस पर अपर कलेक्टर ने आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक में उप संचालक कृषि श्रीमती निशा सिन्हा, सहायक संचालक कृषि श्रीमती वर्षा त्रिपाठी, जिला विपणन अधिकारी अनूपपुर श्री आनंद नारायण पांडेय सहित किसान संगठन के प्रतिनिधि श्री लालजी सोनी, श्री चक्रपाल जायसवाल, श्री धनीराम सिंह मार्काे, श्री महेंद्र कुमार जोगी, श्री कमल पट्टा, श्री कमल सिंह धुर्वे एवं श्री विक्रम सिंह उपस्थित थे।
- समा.क्र./18


