संपूर्णता अभियान का मुख्य लक्ष्य अंत्योदय की भावना को मूर्त रूप देना-राज्यमंत्री श्री दिलीप जायसवाल
सम्पूर्णता अभियान से पुष्पराजगढ़ के रहवासियों के जीवन में आया सकारात्मक परिवर्तन-राज्यमंत्री श्री दिलीप जायसवाल
मूलभूत सुविधाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है सम्पूर्णता अभियान का उद्देश्य-सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह
राज्य सरकार प्रत्येक पात्र हितग्राही को सभी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रतिबद्ध-विधायक अनूपपुर श्री बिसाहू लाल सिंह
राज्यमंत्री एवं सांसद ने संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को किया सम्मानित
अनूपपुर 28 अगस्त 2025/ मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार सभी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। प्रदेश में शिक्षा, कृषि, उद्योग, रोजगार तथा ऊर्जा सहित सभी क्षेत्रों में लक्ष्य निर्धारित कर कार्य किया जा रहा है। संपूर्णता अभियान का मुख्य लक्ष्य अंत्योदय की भावना को मूर्त रूप देना है। उन्होंने कहा कि अनूपपुर जिले का जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़, आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम में शामिल किया गया है। साथ ही, राज्य शासन द्वारा पुष्पराजगढ़ जनपद को कांस्य पदक से सम्मानित किया जाना अत्यंत हर्ष का विषय है। सम्पूर्णता अभियान से पुष्पराजगढ़ के रहवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। राज्यमंत्री श्री दिलीप जायसवाल आज अनूपपुर जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के ऑडिटोरियम में संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
राज्यमंत्री श्री जायसवाल ने आकांक्षी ब्लॉक पुष्पराजगढ़ के इस उपलब्धि पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएँ एवं बधाई देते हुए कहा कि सभी अधिकारी और अधिक मेहनत कर शासन की प्रत्येक हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति को दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और प्रतिबद्धता के परिणाम स्वरूप देश ने विकास की नई गति प्राप्त की है। पिछड़े जिलों और विकासखंडों को आकांक्षी रूप में चिन्हित कर विकास के लिए समन्वित प्रयास करना, इस दिशा में उठाया गया प्रभावी कदम है। आज आयोजित सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह, जिला और विकासखंड स्तर पर स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, आधारभूत संरचना और सुशासन में आए सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त उदाहरण है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने कहा कि संपूर्णता अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को शासन की मूलभूत सुविधाओं का लाभ पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि जिले के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से आकांक्षी ब्लॉक पुष्पराजगढ़ को कांस्य पदक प्राप्त हुआ है, जो जिले के लिए अत्यंत गौरव की बात है। सांसद श्रीमती सिंह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आने वाले समय में और अधिक मेहनत कर पुष्पराजगढ़ ब्लॉक को स्वर्ण पदक दिलाने हेतु सकारात्मक प्रयास किए जाएँ, जिससे जिला प्रदेश में अव्वल स्थान प्राप्त कर सके।
विधायक अनूपपुर श्री बिसाहूलाल सिंह ने कहा कि राज्य सरकार सभी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही को दिलाने के लिए प्रयासरत हैं। पिछड़े जिलों और विकासखंडों को आकांक्षी रूप में चिन्हित कर विकास के लिए समन्वित प्रयास करना, इस दिशा में उठाया गया प्रभावी कदम है। उन्होंने अनूपपुर जिला प्रशासन का संपूर्णता अभियान के अंतर्गत आकांक्षी ब्लॉक पुष्पराजगढ़ में किए गए कार्यों की प्रशंसा करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित किया।
प्रशासन और समुदाय की सक्रिय भागीदारी से सकारात्मक परिणाम हुआ प्राप्त-कलेक्टर
कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने कहा कि सम्पूर्णता अभियान में स्थानीय प्रशासन और समुदाय की सक्रिय भागीदारी से सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए हैं। जिले द्वारा इस क्षेत्र में अर्जित उपलब्धियां अन्य जनपद पंचायतों के लिए उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि अनूपपुर जिले के लिए बड़े हर्ष का विषय है कि संपूर्णता अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ को कांस्य पदक प्राप्त हुआ है, इस हेतु उन्होंने सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित किया।
सीईओ जिला पंचायत ने बताया संपूर्णता अभियान की रूपरेखा
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री तन्मय वशिष्ठ शर्मा ने बताया कि संपूर्णता अभियान केंद्र एवं राज्य सरकार की एक महत्त्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शासन की मूलभूत सुविधाएँ पहुँचाना है। इस अभियान के अंतर्गत अनूपपुर जिले के जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ को आकांक्षी ब्लॉक में शामिल किया गया। जिसके अंतर्गत पुष्पराजगढ़ में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पोषण, पेयजल, स्वच्छता और सामाजिक सुरक्षा जैसी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को सुनिश्चित किया गया। कोई भी परिवार शासन की योजनाओं से वंचित न रहे। इस प्रक्रिया में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयास से विकास कार्यों को गति प्रदान की गई।
राज्यमंत्री एवं सांसद ने जिले की टीम को किया सम्मानित
राज्यमंत्री श्री दिलीप जायसवाल एवं शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के आकांक्षी ब्लॉक में उल्लेखनीय योगदान एवं कार्य करने हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री तन्मय वशिष्ठ शर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ श्री गणेश पांडेय, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती मंजूषा शर्मा, प्रभारी उप संचालक कृषि विभाग श्रीमती निशा सिन्हा, खंड चिकित्सा अधिकारी पुष्पराजगढ़ डॉ. सुरेंद्र कुमार सिंह एवं आकांक्षी ब्लॉक फेलो (नीति आयोग) श्री राजश्वनी शर्मा सहित उनकी समस्त टीमों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री मोती उर रहमान, अपर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार पांडेय, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर श्री कमलेश पुरी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सुश्री सरिता नायक, विन्ध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष श्री अनिल गुप्ता, श्री शैलेंद्र सिंह सहित जिले के विभिन्न विभागों के विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण उपस्थित थे।
समा.क्र./146



