
शांति, सद्भावना, गरिमामय, भाईचारे से मिलजुल कर मनाएं आगामी सभी त्यौहार-कलेक्टर
पर्व के दौरान पुलिस की रहेगी चौकस व्यवस्था-पुलिस अधीक्षक
जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न
अनूपपुर 26 फरवरी 2026/ जिले की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप होली, ईद-उल-फितर, रामनवमी त्यौहारों को शांतिपूर्ण, भाईचारे की भावना और हर्षाेल्लास, उमंग, सौहार्दपूर्ण वातावरण में मिलजुल कर मनाया जाएगा। इस आशय की अपील कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री हर्षल पंचोली की अध्यक्षता में संपन्न जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में की गई।
शांति समिति की बैठक में आगामी त्यौहारों होली, ईद-उल-फितर, रामनवमी को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेटियल ड्यूटी लगाए जाने तथा विभिन्न स्थानों पर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने नदियों के स्थानों को चिन्हित करते हुए होमगार्ड के गोताखोर, पटवारी, सचिव तथा नगरीय क्षेत्रों में नगरीय प्रशासन के अमले की तैनातगी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बैठक में जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पुलिस थाने के बल के साथ कोटवारों की भी ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बैठक में त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए प्रमुख स्थानों पर आवश्यक अमले की तैनातगी तथा आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में सर्व संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। शांति समिति के सदस्यों ने जिले के विभिन्न स्थानों में आयोजित कार्यक्रमों के संबंध में जानकारी दी। बैठक में आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रख साफ-सफाई, जल आपूर्ति की समुचित व्यवस्था, आकस्मिक घटनाओं को दृष्टिगत रख सभी नगरीय क्षेत्रों में फायर ब्रिगेड एवं एम्बुलेंस की तैनातगी, बिजली के तार के नीचे सड़कों पर होली न जलाई जावे, इसका पालन करने तथा आवश्यकतानुसार पानी के टैंकर की व्यवस्था हो इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का भी निर्णय लिया गया। त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए जिले के स्वास्थ्य केन्द्रों में आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था तथा जिला चिकित्सालय में आकस्मिक चिकित्सा स्टॉफ की ड्यूटी लगाए जाने के भी निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मोती उर रहमान, अपर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार पाण्डेय, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर श्री कमलेश पुरी, यातायात प्रभारी श्री विनोद दुबे, मुख्य नगरपालिका अधिकारी अनूपपुर सहित अन्य सर्व संबंधित अधिकारी व शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।


