अनूपपुर 06 अक्टूबर 2025/ ई-रिकार्ड डेटा चोरी और साइबर फ्रॉड की घटनाओं को रोकने, कम्प्यूटर-इंटरनेट, मोबाइल, एटीएम, डिजिटल सिग्नेचर, ईमेल, आधार कार्ड के सुरक्षित उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासकीय सेवकों को साइबर सुरक्षा के संबंध में प्रशिक्षण सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित ई-दक्ष केन्द्र में दिया गया। प्रशिक्षण ई-दक्ष केन्द्र के वरिष्ठ प्रशिक्षक श्री आनंद मोहन मिश्रा एवं प्रशिक्षक श्री नितिन तिवारी द्वारा दिया गया।
आयोजित प्रशिक्षण में शासकीय सेवकों को डेटा की सुरक्षा, साइबर हमलों से बचाव, ऑनलाईन ट्रांजेक्शन की सुरक्षा, कानूनी सुरक्षा, ऑनलाईन पहचान और गोपनीयता की सुरक्षा आदि के संबध में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने वर्तमान में प्रचलित साइबर अपराध जैसे मेलवेयर, डेबिट कार्ड क्लोनिंग, कीलॉगर, एसएमएस एवं कॉल स्पूफिंग, रैनसमवेयर, साइबर स्टॉकिंग, पिक्चर मोर्निंग, प्रोफाइल हैकिंग, ऑनलाइन गेम्स, जॉब कॉल लेटर, कैमरा हैकिंग, सोशल ट्रोलिंग, डिजिटल अरैस्ट, वाई फाई हैकिंग, पायरेसी, हनी ट्रेप, क्यूआर कोड स्कैम, सर्च इंजन स्कैम, सिमस्वैप स्कैम, स्मार्ट होम स्कैम, माइक्रो लोन स्कैम, ब्लू स्त्रार्किंग आदि को वर्तमान में घटित घटनाओं के उदाहरणों द्वारा समझाया। साथ ही कार्यालयों एवं घरों में साइबर अपराधों से बचने के लिए इंटरनेट बैंकिंग द्वारा वित्तीय लेनदेन, कार्ड के उपयोग, यूपीआई के उपयोग सोशल मीडिया, स्मार्ट डिवाइस, ब्लूटुथ, वाईफाई के सावधानीपूर्वक प्रयोग तथा सुरक्षित पासवर्ड बनाने एवं नियमित रूप से बदलने के बारे जानकारी दी गई।


