दंतेवाड़ा
केंद्र सरकार द्वारा देश के प्रत्येक नागरिकों को उनके घरों में शुद्ध पेयजल एवं निस्तार के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराकर उनके स्वास्थ्य सुरक्षा एवं समय और श्रम की बचत के लिए शुरू की गई ‘‘हर घर जल योजना‘‘ बस्तर संभाग के आकांक्षी जिला दंतेवाड़ा के दूरस्थ ग्रामों के लिए संजीवनी साबित हो रही है।
यह योजना जिले के दुर्गम एवं दूरस्थ क्षेत्रों में बसे ग्रामीण परिवारों के लिए संजीवनी संज्ञा इसलिए दी जा रही क्योंकि यहां के निवासियों को पेयजल एवं निस्तार हेतु पानी के लिए हैंडपंप, कुआं, तालाब आदि पर निर्भर रहना पड़ता था। इस परिप्रेक्ष्य में जिले के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र विकासखंड गीदम के ग्राम पंचायत आलनार के ग्रामीणों के लिए यह योजना वरदान साबित हो रही है। इस योजना के शुरू होने से ग्राम पंचायत आलनार के ग्रामीणों को अब पानी के प्रबंधन के लिए आपाधापी से मुक्ति मिली है। अब हर घर आंगन में उन्हें शुद्ध पेयजल उपलब्ध होने के साथ उनके श्रम की बचत हो रही है। इस संबंध में ग्रामीणों का मत है कि बाहर से पेयजल के लिए प्रबंध किए जाने वाले पानी से जल जनित बीमारियों का खतरा भी रहता था। इसके अलावा गांव के महिलाओं और बच्चों पानी लाने के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ता था। कार्य में सबसे ज्यादा परेशानी हमारे घर की महिलाओं को होती थी लेकिन अब जल जीवन मिशन योजना अंतर्गत हमारे गांव के सभी घरों में पानी पहुंच जाने से ग्राम वासियों के लिए बहुत बड़ी समस्या का निदान हुआ है।
जिला प्रशासन द्वारा भारत सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना को हर ग्राम पंचायतों में प्राथमिकता से क्रियान्वित किया जा रहा है। इस क्रम जल जीवन मिशन योजना में विगत दिवस ग्राम पंचायत आलनार के सभी घरों के नलों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति एवं उत्कृष्ट कार्य हेतु ‘‘हर घर जल‘‘ प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। और इस ग्राम पंचायत में जल उत्सव के आयोजन अंतर्गत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के जल जीवन मिशन योजना से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विभाग जिले के सभी गांव के प्रत्येक घर में पेयजल आपूर्ति हेतु लगातार प्रयासरत हैं। आज हर घर जल प्रमाण पत्र उन सभी प्रयासों का फल है जो यहां के स्थानीय अधिकारियों और जन समुदायों ने मिलकर हर घर में शुद्ध पेयजल की पहुंच और गुणवत्ता में सुधार हेतु कार्य किया है। जल जीवन मिशन योजना से आज जिले के ग्राम पंचायतों में जल आपूर्ति हो रही है।
इस जल उत्सव कार्यक्रम में ग्राम के सरपंच ने कहा कि जल जीवन मिशन योजना प्रधानमंत्री मोदी की महत्वाकांक्षी योजना है। जिसे छत्तीसगढ़ राज्य के मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के द्वारा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और ग्रामीणों के द्वारा सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया गया है। जिससे गांव की महिलाओं और बच्चों को दूर से पानी भरने की पीड़ा और समय की बचत से आर्थिक जीवन सुधारने का अवसर प्राप्त हुआ है। इस कार्यक्रम में उपस्थित गांव के पटेल पारा की गर्भवती महिला ‘‘सुकारो मरकाम‘‘ ने बताया कि पहले घर के काम और पीने के पानी लेने के लिए इसी हालत में ही घर से दूर जाकर पानी भरना पड़ता था जिससे तबीयत अधिक खराब रहती थी और समय नहीं होने के कारण स्वयं पर ध्यान नहीं दे पाती थी लेकिन अब हमारे घर में जल जीवन मिशन का नल लग जाने से घर के आंगन में ही पानी मिल जाता है जिससे अब मुझे बहुत आराम है और अब मेरा और बच्चों का भी स्वास्थ्य अच्छा रहता है।
उल्लेखनीय है कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम पंचायत आलनार और एकल ग्राम योजना के तहत 50 हजार लीटर के पानी टंकी का निर्माण कर एवं दो सोलर और कुल 12819 मीटर पाईप विस्तार कर गांव में निवासरत सभी घरों में नल कनेक्शन पहुंचाया गया है। गांव में सभी घरों में जल जीवन मिशन का नल पहुंच जाने से ग्रामवासी अब पानी प्रबंध करने की विकट समस्या से पूरी तरह से निजात पा चुके हैं।


