
मालखरौदा, 27 अप्रैल 2026।
ग्राम कलमी की गौसेवा समिति द्वारा गौवंश संरक्षण एवं गौ माता को “राष्ट्रमाता” घोषित करने की मांग को लेकर एक ज्ञापन मालखरौदा तहसीलदार को सौंपा गया। यह ज्ञापन छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल के नाम प्रेषित किया गया।
यह अभियान “गो सम्मान आह्वान अभियान” के अंतर्गत आयोजित किया गया, जो प्रधान संरक्षक वेदलक्षणा गोमाता एवं अध्यक्ष नंदी बाबा (वृषभ) की प्रेरणा से संचालित है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गोभक्त, संत समाज एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
ज्ञापन सौंपने से पूर्व ग्राम में रैली निकाली गई, जिसमें “गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करो” के नारों के साथ लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के बाद तहसील कार्यालय पहुंचकर प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में सामाजिक कार्यकर्ता लालू गबेल ने गौ संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गौवंश भारतीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, इसलिए सरकार को इसके संरक्षण के लिए कठोर कानून बनाना चाहिए। वहीं महिला कार्यकर्ता राम बाई सिदार ने गौ सेवा के महत्व को बताते हुए गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग दोहराई।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि देश में गोवंश की संख्या में लगातार गिरावट हो रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था एवं सांस्कृतिक परंपराओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। साथ ही गो-तस्करी, अवैध वध, सड़क दुर्घटनाओं एवं प्लास्टिक खाने से हो रही मौतों पर भी चिंता व्यक्त की गई।
समिति ने मांग की है कि छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में गोवंश के संरक्षण, संवर्धन एवं वध पर पूर्ण प्रतिबंध हेतु कठोर कानून बनाया जाए तथा इस दिशा में केंद्र और राज्य सरकार ठोस कदम उठाएं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर अपना समर्थन व्यक्त किया।
