नेशनल लोक अदालत का आयोजन 13 सितम्बर को
अनूपपुर 12 सितम्बर 2025/ म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती माया विश्वलाल के मार्गदर्शन में 13 सितम्बर 2025 को जिला एवं सत्र न्यायालय अनूपपुर एवं तहसील सिविल न्यायालय कोतमा एवं राजेन्द्रग्राम में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण हेतु जिला स्तर पर 07 खण्डपीठ, तहसील सिविल न्यायालय कोतमा हेतु 04 खण्डपीठ एवं राजेन्द्रग्राम हेतु 03 खण्डपीठ का गठन किया गया है। इस प्रकार जिले में कुल 14 खण्डपीठों का गठन किया गया है। नेशनल लोक अदालत में न्यायालयों में लंबित राजीनामा योग्य आपराधिक, व्यवहारिक, धारा 138 एन.आई. एक्ट के प्रकरण, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, पारिवारिक प्रकरण, विद्युत चोरी के प्रकरण तथा विद्युत विभाग, बैंक एवं नगर पालिका के पूर्ववाद प्रकरणों का निराकरण आपसी सुलह एवं समझौते के आधार पर किया जाएगा। नेशनल लोक अदालत में अपने-अपने प्रकरणों के निराकरण हेतु उपस्थित होने वाले पक्षकारगण की सहायता हेतु हेल्प-डेस्क का गठन किया जाकर पैरालीगल वालेंटियर्स की ड्यूटी लगाई गई है।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री विनोद कुमार वर्मा ने आमजन व पक्षकारगण से अपील की है कि न्यायालय में लंबित एवं पूर्ववाद प्रकरणों का आपसी सुलह एवं समझौते के आधार पर अपने प्रकरण का निराकरण करवाकर शीघ्र एवं सुलभ न्याय प्राप्त करें, जिससे पक्षकारों के मध्य आपसी सद्भाव उत्पन्न होता है व शत्रुता समाप्त होती है तथा समय, धन व श्रम की बचत होती है।
समा.क्र./49


