अनूपपुर 22 जनवरी 2026/ मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत ‘‘द्वारिका-सोमनाथ’’ तीर्थस्थान की यात्रा के लिये अनूपपुर रेलवे स्टेशन से मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन ट्रेन को 21 जनवरी की रात्रि 9ः30 बजे राज्य कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को एक तीर्थस्थान की निःशुल्क यात्रा कराने के लिए मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना लागू की गई है। इस योजना के द्वारा 60 साल से अधिक आयु के मध्यप्रदेश के निवासी नागरिकों को निःशुल्क तीर्थयात्रा का एक बार अवसर दिया जाता है। इस योजना के तहत अनूपपुर जिले के 200 बुजुर्गों को 21 जनवरी को ‘‘द्वारिका-सोमनाथ’’ की तीर्थयात्रा का अवसर प्राप्त हुआ। यह विशेष ट्रेन 27 जनवरी 2026 को जिले में वापस आएगी। तीर्थयात्रियों को सहयोग देने के लिए जिले से एक पर्यवेक्षक तथा तीन अनुरक्षक भी उनके साथ रवाना हुए। यात्रा के दौरान सभी तीर्थयात्रियों को ठहरने, भोजन, पानी, चाय और नाश्ते की निःशुल्क सुविधा दी जाएगी।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन ‘‘द्वारिका-सोमनाथ’’ की यात्रा हेतु जिले के 200 तीर्थ यात्रियों को लेकर विशेष ट्रेन रवाना
Date:


