
करमा, गुदुम बाजा, शंखध्वनि, भक्ति संगीत, छत्तीसगढ़ लोकगायन की दी जाएगी प्रस्तुति
अनूपपुर 22 जनवरी 2026/ मां नर्मदा की पावन जन्म स्थली अमरकंटक में दो दिवसीय माँ नर्मदा महोत्सव-2026 का आयोजन 24 एवं 25 जनवरी 2026 को होगा। महोत्सव में मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग के तत्वाधान में तथा जिला प्रशासन अनूपपुर एवं श्री नर्मदे हर सेवा न्यास अमरकंटक के सहयोग से निर्झरणी महोत्सव का आयोजन 24 जनवरी 2026 को शाम 5 बजे से मां नर्मदा के रामघाट में किया जाएगा।
निर्झरणी महोत्सव में बैगा जनजाति द्वारा करमा नृत्य की प्रस्तुति डिण्डौरी जिले के श्री अर्जुन सिंह धुर्वे एवं साथी, गोंड़ जनजाति द्वारा गुदुम बाजा नृत्य की प्रस्तुति अनूपपुर जिले के श्री शिवप्रसाद धुर्वे एवं साथी तथा छत्तीसगढ़ी लोकगायन की प्रस्तुति छत्तीसगढ़ के संजीवन टांडिया एवं साथी द्वारा दी जाएगी। साथ ही भुवनेश्वर के सुनील साहू एवं साथी द्वारा शंखध्वनि एवं सिवनी की बाली ठाकरे एवं साथी द्वारा भक्ति संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी।
जिला प्रशासन अनूपपुर द्वारा नागरिकों से अमरकंटक नर्मदा महोत्सव एवं निर्झरणी महोत्सव के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की गई है।


