


अनूपपुर/जैतहरी। जनपद पंचायत जैतहरी अंतर्गत ग्राम पंचायत बीड़ स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 01 में मूलभूत सुविधाओं के अभाव ने बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला तब सामने आया जब उपसरपंच श्री राहुल टांडिया के साथ समाजसेवी पत्रकार एवं समाजसेवी श्री महेश प्रजापति, समाजसेवी श्री बबलू राठौर, श्री रामप्रसाद राठौर एवं श्रीमती द्रोपती राठौर एवं ग्राम पंचायत से श्री दयाल सिंह नेताम, श्री सीताराम राठौर, श्री भगवानदास राठौर, द्वारा केंद्र का औपचारिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जो स्थिति सामने आई उसने सभी को चौंका दिया।
निरीक्षण में पाया गया कि केंद्र में बच्चों के लिए विद्युत कनेक्शन, पंखा और स्वच्छ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है।
भीषण गर्मी के बीच छोटे छोटे बच्चों को गर्मी, उमस और असुविधाओं के बीच समय बिताना पड़ रहा था। ऐसी परिस्थितियों में बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका भी जताई गई।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित समाजसेवियों एवं जनप्रतिनिधियों ने इस स्थिति को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि जिस स्थान पर बच्चों के पोषण, शिक्षा और प्रारंभिक विकास की जिम्मेदारी होती है, वहां यदि मूलभूत सुविधाएं ही न हों तो यह चिंता का विषय है। इसके बाद बिना विलंब किए मामले को प्रशासन के संज्ञान में लाने हेतु तत्काल लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया।
सूत्रों के अनुसार आवेदन प्रस्तुत होने के बाद प्रशासनिक स्तर पर मामले को गंभीरता से लेते हुए दूरभाष के माध्यम से संबंधित अधिकारियों से चर्चा की गई तथा समस्या के त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया गया है। प्रशासन की ओर से जल्द ही विद्युत कनेक्शन, पंखा एवं पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की बात कही गई है।
स्थानीय लोगों के बीच अब यह चर्चा का विषय बन गया है कि जब जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी तो तत्काल कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हुई। लोगों का कहना है कि यदि समय-समय पर ऐसे निरीक्षण होते रहें तो कई मूलभूत समस्याएं उजागर होकर उनका समाधान हो सकता है।
“बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए, यह केवल सुविधा नहीं बल्कि उनका अधिकार है।”


