शुभ संकेत बांकीमोंगरा:-(प्रकाश साहू की रिपोर्ट) नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की मुख्य सड़क पर पिछले कुछ समय से स्ट्रीट लाइटें बंद होने के कारण रात के समय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क पर अंधेरा रहने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी और राहगीरों, वाहन चालकों तथा स्थानीय नागरिकों को आवागमन में कठिनाई होती थी।
इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा ने त्वरित कार्रवाई की। नगर पालिका अध्यक्ष के निर्देश पर संबंधित कर्मचारियों ने मौके का निरीक्षण कर खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का कार्य शुरू कराया। करीब दो से तीन दिनों के भीतर मरम्मत कार्य पूरा कर मुख्य सड़क की स्ट्रीट लाइटों को फिर से चालू कर दिया गया।
स्ट्रीट लाइटें शुरू होने के बाद रात के समय मुख्य मार्ग पूरी तरह रोशन हो गया है। इससे नागरिकों को अंधेरे से राहत मिली है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी काफी हद तक कम हुई है। विशेष रूप से रात में काम से लौटने वाले कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, बुजुर्ग एवं अन्य राहगीरों को सुरक्षित आवागमन में सुविधा मिल रही है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका परिषद की इस त्वरित पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते समस्या का समाधान होने से लोगों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी नगर पालिका इसी तरह जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देकर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करेगी।



