पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित बैठक में जनसुरक्षा एवं अग्नि सुरक्षा पर दिया गया विशेष जोर, होमगार्ड अग्निशमन दल ने व्यापारियों को अग्निशमन यंत्रों के उपयोग का दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण
शुभ संकेत/कोरबा।(प्रकाश साहू की रिपोर्ट)दीपावली पर्व को देखते हुए जिले में जनसुरक्षा, अग्नि सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोरबा पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कोरबा में पटाखा व्यापारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों को पटाखों के भंडारण, बिक्री एवं सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े नियमों की जानकारी देते हुए लाइसेंस की शर्तों और निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नितेश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक श्री प्रतीक चतुर्वेदी, सीएसीबी प्रभारी श्री विरासत कुजूर, नगर निगम कोरबा की ओर से श्री सुमित गुप्ता सहित होमगार्ड अग्निशमन दल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने पटाखा दुकानों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की और व्यापारियों को दीपावली के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की समझाइश दी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पटाखों का भंडारण एवं विक्रय निर्धारित नियमों के अनुरूप ही किया जाए। दुकानों में अग्निशमन उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी सुरक्षा इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही दुकानों के आसपास ज्वलनशील सामग्री रखने से बचने और आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
बैठक का विशेष आकर्षण होमगार्ड अग्निशमन दल द्वारा दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण रहा। अग्निशमन दल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने व्यापारियों को आग लगने की स्थिति में तत्काल बचाव के उपायों तथा अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग की जानकारी दी। व्यापारियों को बताया गया कि आपातकालीन परिस्थितियों में घबराने के बजाय सावधानी और सूझबूझ के साथ अग्निशमन उपकरणों का उपयोग करना बेहद जरूरी है।
कोरबा पुलिस ने व्यापारियों से अपील की कि वे दीपावली के त्योहार को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। नियमों का पालन करते हुए ही पटाखों का कारोबार करें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों, लाइसेंस की शर्तों एवं निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य दीपावली पर्व के दौरान जिले में सुरक्षित वातावरण बनाए रखना और आम नागरिकों को किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाना है।



