बांकीमोंगरा में शराब भट्ठी से लौट रहे दो युवकों को रास्ते में रोककर की थी मारपीट, पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
शुभ संकेत/बांकीमोंगरा विनोद साहू की रिपोर्ट)(कोरबा)। शराब पीने के लिए पैसे नहीं देना दो युवकों को भारी पड़ गया। रास्ते में रोककर ₹500 की मांग करने और इनकार करने पर गाली-गलौज, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के मामले में बांकीमोंगरा पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त बेल्ट भी पुलिस ने जब्त की है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सूरज कुमार बिंझवार ने 01 नवंबर 2026 को थाना बांकीमोंगरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 30 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे वह अपने साथी दिनेश कुमार बिंझवार के साथ बांकीमोंगरा देसी शराब भट्ठी से लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में आरोपियों ने उन्हें रोक लिया और शराब पीने के लिए ₹500 की मांग की।
रुपए देने से मना करने पर आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद हाथ-मुक्कों और बेल्ट से मारपीट करते हुए दोनों युवकों को जमीन पर घसीटा तथा जान से मारने की धमकी दी।
प्रार्थी की शिकायत पर बांकीमोंगरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 226/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 119(1), 191(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
बेल्ट जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपी समीर कुर्रे के कब्जे से मारपीट में इस्तेमाल की गई एक बेल्ट बरामद कर जब्त की गई।
पुलिस ने 02 नवंबर 2026 को चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश और आगे की कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
1. समीर कुर्रे (19 वर्ष), पिता रमेश कुर्रे, निवासी मेला मैदान, मोंगरा बस्ती।
2. आशीष कुमार पाटले (29 वर्ष), पिता विनोद कुमार पाटले, निवासी मोंगरा बस्ती।
3. अमन कुमार कुर्रे (24 वर्ष), पिता शत्रुहन कुर्रे, निवासी मोंगरा बस्ती।
4. हेमलाल कुर्रे (42 वर्ष), पिता स्व. हरिशंकर कुर्रे, निवासी मोंगरा बस्ती।
सभी आरोपी थाना बांकीमोंगरा, जिला कोरबा क्षेत्र के निवासी हैं।



