शुभ संकेत/बाकी मोगरा:- स्थानीय वार्ड क्रमांक 03 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र 01 में इन दिनों बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण नौनिहालों और पालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस केंद्र में दो से ढाई साल तक के बच्चों का नियमित टीकाकरण किया जाता है। साथ ही, यही मासूम बच्चे यहां अपनी शुरुआती पढ़ाई, खेल-कूद और अन्य गतिविधियों के लिए भी आते हैं। लेकिन केंद्र में मुकम्मल व्यवस्था न होने के कारण बच्चों के साथ-साथ उनके परिजनों को भी काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।
मीटर लगा, पर पंखा गायब
हैरानी की बात यह है कि बाकी मोगरा के इस आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 01 में बिजली विभाग द्वारा मीटर तो लगा दिया गया है, लेकिन वह पंखा नहीं लग पाया है जिससे बच्चों को मुसीबत का समना करना पढ़ रहा है।
मासूमों को झेलनी पड़ रही है परेशानी
भीषण गर्मी और उमस के इस मौसम में बिना बिजली, पंखे और उचित व्यवस्था के बच्चों को टीका लगवाने और पढ़ाई करने में बेहद तकलीफ हो रही है। छोटे बच्चों को हो रही इस असुविधा को लेकर स्थानीय नागरिकों और पालकों में विभाग के प्रति नाराजगी है। सजग नागरिकों ने मांग की है कि प्रशासन और संबंधित विभाग इस ओर तुरंत ध्यान दें, ताकि मासूम बच्चों को इस अव्यवस्था से जल्द से जल्द राहत मिल सके।



