उत्तराखंड:-समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने आज मैनपुरी लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल कर दिया है। यहां पांच दिसंबर को उपचुनाव होने हैं। ये सीट सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई है। बता दें कि 1996 से इस सीट पर समाजवादी पार्टी का कब्जा है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि डिंपल यादव का उत्तराखंड से भी खास कनेक्शन है।डिंपल यादव का जन्म वैसे तो 1978 में पुणे में हुआ था। लेकिन उनका परिवार मूल रूप से उत्तराखंड से जुड़ा है। उनके पिता रिटायर्ड कर्नल आरसीएस रावत और माता चंपा रावत उत्तराखंड के काशीपुर में ही रहते हैं। तीन बहनों में वह दूसरे नंबर की हैं।

अखिलेश और डिंपल 24 नवंबर 1999 को शादी के बंधन में बंधे थे। हालांकि उस वक्त मुलायम सिंह यादव अखिलेश और डिंपल की शादी के लिए बिलकुल तैयार नहीं थे। इसकी पहली वजह यह थी कि जब डिंपल-अखिलेश की लव स्टोरी चल रही थी, तब आंदोलनकारी उत्तराखंड के अलग राज्य की मांग कर रहे थे। डिंपल के गांव के लोग अखिलेश के पिता मुलायम के सख्त खिलाफ थे।

वहीं, दूसरी वजह थी कि डिंपल राजपूत परिवार से ताल्लुक रखती हैं। मुलायम सिंह को डर था कि अंतरजातीय शादी का असर अखिलेश की राजनीतिक भविष्य पर पड़ सकता था। हालांकि, डिंपल अखिलेश के लिए लकी साबित हुईं। शादी के अगले ही साल अखिलेश ने लोकसभा चुनाव लड़ा और सबसे कम उम्र में सांसद बनने का रिकॉर्ड बनाया।

वर्तमान में अखिलेश और डिंपल के तीन बच्चे- अदिती, अर्जुन और टीना हैं। अर्जुन और टीना जुड़वां बच्चे हैं। डिंपल राजनीतिक परिवार से भले ही जुड़ी हों, लेकिन वे बेहद सादगी से रहती हैं। उनका राजनीतिक करियर भी चर्चा में रहा है।

वर्ष 2012 में लोकसभा उपचुनाव के दौरान कन्नौज निर्वाचन क्षेत्र से डिम्पल यादव सांसद चुनी गईं और उत्तर प्रदेश के कन्नौज निर्वाचन क्षेत्र की एकमात्र निर्विरोध महिला होने के कारण उन्हें उपचुनाव में जीत प्राप्त हुई।


