शुभ संकेत/कोरबा:-जिले में खनिज चोरों के हौसले बुलंद है। खासकर इन दिनों रेत चोरी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। वहीं दूसरी ओर विभाग द्वारा खनिज चोरों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई का दावा किया जा रहा है। विभाग द्वारा जारी आंकड़ों में वर्ष 2022: 23 में ताबड़तोड़ कार्यवाही करते हुए भारी भरकम जुर्माना वसूलने की बात कही गई है। खनिज विभाग द्वारा कलेक्टर के निर्देश पर गठित संयुक्त जाँच दल एवं टास्क फोर्स के माध्यम से जिले अन्तर्गत मुख्य खनिजों के साथ-साथ गौण खनिज रेत एवं अन्य खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण में कार्यवाही की जा रही है। विभाग का दावा है कि विगत वर्ष 2022 2023 में कुल 259 प्रकरण दर्ज कर आरोपित अर्थदण्ड की राशि 49,99,385 रूपये शासन के राजस्व शीर्ष में जमा कराया गया है। साथ ही माह मार्च 2023 में खनिज रेत परिवहन में विभाग द्वारा कोरबा जिलार्न्तगत नगरीय निकाय क्षेत्रों एवं ग्रामीण क्षेत्रों भ्रमण कर ग्राम उरगा, रिस्द्वी चौक, सीतामणी, बरहमपुर, राताखार, बुधवारी चौक, केवरा, रजगामार, इडस्टीयल एरिया, रलिया, कुदुरमाल, लखनपुर, भटोरा, कटबितला, बरीडीह, धवईपुर आदि क्षेत्रों से कुल 22 प्रकरण दर्ज कर अर्थदण्ड राशि 2,39,137 रूपये खनि राजस्व मद में अर्थदण्ड जमा करवाया गया है।
बेलचा से हमला करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार
राताखार निवासी युवक पर बेलचा से जानलेवा हमला करने वाले रेत चोर गिरोह के पांच आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने हत्या का प्रयास किए जाने का मामला पंजीबद्ध किया है। साथ ही तीन आरोपियों की धरपकड़ कर गिरफ्तार कर लिया गया है। दो आरोपी अभी पुलिस पकड़ से बाहर हैं। राताखार बजरंग चौक के पास रहने वाला किरण महतो 34 वर्ष का हसदेव नदी के दूसरे छोर पर सब्जी की बाड़ी है। रविवार को सुबह वह वहां गया था, इस दौरान उसने ट्रैक्टर में अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर परिवहन करते देखा। उसने उत्खनन करने से मना किया, तो मौके पर मौजूद तस्कर के पांच गुर्गों ने किरण के साथ मारपीट करते हुए बेलचा से सिर पर वार कर दिया। इस घटना में किरण के चेहरे, सिर व माथे में गंभीर चोटें आई। उसके पीठ पर भी कई वार किए गए। उसे स्वजनों ने जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया।दर्री पुलिस ने इस मामले में आरोपी मोहम्मत तस्लीम पिता रसीद अहमद 36 वर्ष गेरवा घाट निवासी, उमेश खडिया पिता छतपाल 19 साल निवासी डिंगापुर चर्च के पास, सत्यनारायण मंझवार पिता फिरत 24 वर्ष निवासी बुंदेली रजगामार निवासी के खिलाफ धारा 294, 323, 506, 307, 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। तीनों आरोपियों को पुलिस ने रिमांड पर जेल भेज दिया है। वही फरार दो अन्य आरोपितों की सरगर्मी से तलाश की जा रही।


