छत्तीसगढ़:-छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री अजीत जोगी की बहू ऋचा जोगी ने मुंगेली सिटी कोतवाली में खुद के खिलाफ दर्ज हुए केस को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही कभी भाजपा तो कभी कांग्रेस नेताओं को जोगेरिया हो जाता है। उन्होंने कहा कि डॉ साहब (रमन सिंह) को भी जोगेरिया हुआ था। नतीजा आज घर में बैठे हैं।
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी की पत्नी ऋचा जोगी ने कहा कि ”जोगी जन अधिकार पदयात्रा” के शुरू होने से बिल्कुल ठीक पहले मेरे विरुद्ध FIR करना ये प्रमाणित करता है कि मुख्यमंत्री एक बार फिर ‘जोगेरिया’ से ग्रसित हो गए हैं। उन्होंने कहा मेरी जाति का मामला न्यायालय में विचाराधीन है, उसके बाद भी बिना किसी कोर्ट ऑर्डर के मेरे खिलाफ अचानक केस दर्ज करना मुझे ‘जोगी जन अधिकार पदयात्रा में भाग लेने से रोकने का प्रयास है।
ऋचा जोगी ने कहा कि वे जोगी जन अधिकार पदयात्रा की अकलतरा विधानसभा की पर्यवेक्षक हैं। पदयात्रा की जोर-शोर से तैयारी हो रही है और हमारी पार्टी को मिल रहे जनसमर्थन से घबराकर ये FIR कराई गई है। उन्होंने कहा कि मैं इस गैरकानूनी एफआईआर को कोर्ट में चैलेंज करूंगी।

उन्होंने कहा कि दूषित मानसिकता वाले हमारे जोगेरिया ग्रसित विरोधियों को चेतावनी देती हूं कि मैं अजीत जोगी की बहू ऋचा जोगी हूं, आपके इन तुच्छ हथकंडों से कतई घबराने वाली नहीं हूं। मैं मां हूं, मेरी हिम्मत का आप मुकाबला नहीं कर सकते, ये याद रखना। जोगी जन अधिकार पदयात्रा आपकी जड़ों को हिला देगी।
बता दें कि ऋचा जोगी के खिलाफ गलत जाति प्रमाण पत्र पेश करने के मामले में बुधवार को FIR दर्ज की गई है। खुद को अनुसूचित जनजाति की बताते हुए ऋचा ने यह जाति प्रमाण पत्र 2020 में मरवाही उपचुनाव के समय शासन के पास जमा कराया था। सहायक आयुक्त एल आर कुर्रे ने जांच रिपोर्ट के आधार पर ऋचा जोगी के खिलाफ मुंगेली के सिटी कोतवाली थाने में केस दर्ज कराया है। शिकायत में कहा गया है कि ऋचा रुपाली साधु (शादी से पहले का नाम) ने अवैध रूप से अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र तैयार कर इसे उपयोग किया। ऋचा के खिलाफ सामाजिक प्रस्थिति प्रमाणीकरण अधिनियम 2013 की धारा 10 के तहत अपराध क्रमांक 651 दर्ज किया गया है।
आदिवासी नहीं है जोगी की बहू:छत्तीसगढ़ की उच्च स्तरीय छानबीन समिति ने खारिज किया ऋचा जोगी का पुरखों के “गोंड’ होने का दावा, जाति प्रमाणपत्र निरस्त किया
जोगेरिया एक बीमारी और भूपेश बघेल इसके सबसे बेहतरीन डॉक्टर- आर पी सिंह
इधर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता आरपी सिंह ने ऋचा जोगी के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि राज्य स्थापना के समय से ही जोगेरिया एक बड़ी बीमारी रही है, जिससे प्रदेश और कांग्रेस का बहुत नुकसान हुआ है। वर्तमान में भूपेश बघेल ही इस बीमारी के सबसे बड़े डॉक्टर हैं। उन्होंने इस बीमारी को 75 प्रतिशत तक ठीक कर दिया है और बची हुई 25 प्रतिशत बीमारी प्रदेश की जनता 2023 के चुनावों में ठीक कर देगी।
कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि नकली आदिवासियों का वह सुनहरा समय अब समाप्त हो चुका है, जब डॉक्टर रमन सिंह की छत्रछाया में असली आदिवासियों का हक छीना जाता था। अब राज्य में कका भूपेश बघेल की सरकार है, किसी भी नकली आदिवासी को असली आदिवासियों के हक पर डाका डालने नहीं दिया जाएगा और ऋचा जोगी के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर इसी की एक कड़ी है।

उन्होंने कहा कि पहले जिला स्तरीय प्रमाण पत्र सत्यापन समिति मुंगेली और अब राज्य स्तरीय प्रमाणीकरण छानबीन समिति ने ऋचा जोगी के आदिवासी प्रमाण पत्र को अवैध पाया है। दोनों ही समितियों की रिपोर्ट में ऋचा जोगी के द्वारा किए गए आपराधिक कृत्य के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की अनुसंशा की गई है। दोनों ही समितियों ने ऋचा जोगी को अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर दिया था, लेकिन अपने तमाम असफल प्रयासों के बाद भी ऋचा जोगी अपने आप को असली आदिवासी साबित नहीं कर सकी।
उन्होंने कहा कि पहले दिवंगत अजीत जोगी, फिर उनके बेटे अमित जोगी और अब ऋचा जोगी नकली आदिवासी बनकर असली आदिवासियों का हक छीनते रहे हैं, लेकिन अब राज्य में भूपेश बघेल की सरकार है, जहां न्याय सभी के लिए उपलब्ध है। जोगी परिवार को इस मामले में घटिया और निम्न स्तरीय राजनीति छोड़कर प्रदेश के आदिवासी समाज से माफी मांगनी चाहिए।।



