शुभ संकेत/पेंड्रा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंधी में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि महिला और बच्चों समेत कई लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब सवारियों से भरे एक ऑटो को पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार ऑटो क्रमांक CG31C5718 में कई यात्री सवार थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो क्रमांक CG10BY7993 ने पीछे से ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पेंड्रा पहुंचाया। उपचार के दौरान एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वाहन का चालक एवं कथित मालिक प्रद्युम्न तिवारी, निवासी नूतन कॉलोनी पेंड्रा, घटना के बाद से लापता है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। घटना से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है तथा लोग आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।



