
मालखरौदा। पुलिस और मीडिया के बीच भरोसे, पारदर्शिता एवं बेहतर संवाद को मजबूत बनाने की दिशा में मालखरौदा थाना परिसर में एक विशेष परिचय एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नवपदस्थ थाना प्रभारी वंश नारायण शर्मा ने की। इसमें थाना क्षेत्र के चौकी प्रभारियों एवं विभिन्न समाचार संस्थानों से जुड़े पत्रकारों ने भाग लिया।

बैठक में थाना प्रभारी वंश नारायण शर्मा ने कहा कि पुलिस और पत्रकार दोनों ही समाज के प्रति जवाबदेह हैं। पत्रकार जहां जनता की आवाज़ प्रशासन तक पहुंचाते हैं, वहीं पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने का कार्य करती है। दोनों के बीच बेहतर समन्वय से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ आम नागरिकों तक सही और प्रमाणिक जानकारी समय पर पहुंचाई जा सकती है।
उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि किसी भी संवेदनशील मामले में तथ्यात्मक एवं जिम्मेदार पत्रकारिता को प्राथमिकता दें, वहीं पुलिस प्रशासन भी समय पर अधिकृत जानकारी उपलब्ध कराने और पत्रकारों के सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
बैठक के दौरान पत्रकारों ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था, यातायात, अवैध गतिविधियों और जनसरोकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। पुलिस अधिकारियों ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। सभी ने भविष्य में भी पुलिस और मीडिया के बीच नियमित संवाद बनाए रखने पर सहमति जताई, ताकि जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान हो सके और जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हो।


