एसईसीएल की लापरवाही का आरोप, जाम नालियों के कारण सड़क बनी तालाब, लोगों ने की तत्काल सफाई की मांग
शुभ संकेत/बाकीमोगरा:- (प्रकाश साहू की रिपोर्ट) बाकीमोगरा के वार्ड क्रमांक 6 स्थित शांतिनगर में जल निकासी की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से सड़क पर पानी भर गया है, जिससे स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वार्डवासियों का आरोप है कि एसईसीएल के जिम्मेदार विभाग द्वारा पिछले छह महीने से अधिक समय से नालियों की सफाई नहीं कराई गई है। इस दौरान एक बार भी ठेकेदार या सफाई कर्मचारी क्षेत्र में नहीं पहुंचे। नालियों में कचरा पूरी तरह भर जाने से पानी की निकासी बंद हो गई है, जिसके कारण बारिश का पानी और नालियों का गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर लगातार जलभराव रहने से पैदल राहगीरों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। गंदे पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने और संक्रामक बीमारियां फैलने की भी आशंका बनी हुई है।
वार्ड के नागरिकों ने एसईसीएल प्रबंधन से तत्काल नालियों की सफाई कराने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सड़क पर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।



