मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजनांतर्गत ‘‘द्वारका-सोमनाथ’’ की यात्रा हेतु वरिष्ठ नागरिकों से आवेदन आमंत्रित

Date:

Share post:

अनूपपुर जिले के 200 तीर्थ यात्रियों को ‘‘द्वारका-सोमनाथ’’ के दर्शन हेतु 21 जनवरी को रवाना होगी विशेष ट्रेन

अनूपपुर 17 नवम्बर 2025/ मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अंतर्गत 21 जनवरी 2026 को अनूपपुर रेलवे स्टेशन से प्रारम्भ होकर शहडोल व उमरिया रेलवे स्टेशन से होते हुए जिले के वरिष्ठ नागरिक जो 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के व्यक्ति (महिलाओं के मामले में 2 वर्ष की छूट) जो आयकर दाता नही हैं, विशेष रेलगाड़ी से ‘‘द्वारका-सोमनाथ’’ की यात्रा करेंगे। जिले के 200 यात्री मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत तीर्थ यात्रा पर जा सकेंगे। तीर्थ यात्रियों की विशेष रेलगाड़ी से तीर्थ यात्रा के पश्चात् 27 जनवरी 2026 को जिले में वापसी होगी। जिले के वरिष्ठ नागरिक मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन यात्रा के लिए 07 जनवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। उक्ताशय की जानकारी देते हुए जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना कुमारी ने बताया है कि यात्रा के लिए ग्रामीण क्षेत्रों के वरिष्ठ नागरिक ग्राम पंचायत सचिव के माध्यम से तथा नगरीय क्षेत्रों के वरिष्ठ नागरिक मुख्य नगरपालिका अधिकारी के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र प्राप्त करते समय संबंधित ग्राम पंचायत/नगरीय निकाय यह सुनिश्चित करेगी कि यदि पति-पत्नी दोनो यात्रा करने के इच्छुक हों, तो उनके आवेदन एक साथ प्राप्त कर संलग्न किए जांए। इसी प्रकार 65 वर्ष की आयु सीमा पूर्ण करने वाले आवेदक यदि अकेले या पति-पत्नी दोनो यात्रा पर जा रहे हैं तथा सहयोगी की मांग कर रहे हैं तो उनके सहयोगी का आवेदन भी भराया जाकर आवेदक के आवेदन के साथ में संलग्न किया जाए। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया है कि 60 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग व्यक्ति यदि यात्रा में जाना चाहता है, तो उसे भी सहयोगी के साथ यात्रा में भेजा जा सकेगा, बशर्ते डॉक्टर द्वारा उसे यात्रा में जाने हेतु सक्षमता प्रमाण पत्र जारी किया गया हो। ट्रेन जिन-जिन स्टेशनों से प्रारम्भ होगी एवं रुकेगी वहां तक यात्री को स्वयं अपने व्यय से आना होगा। उसके पश्चात् यात्रा हेतु कोई शुल्क देय नही होगा, परन्तु यात्री यदि कोई विशिष्ट सुविधाएं प्राप्त करता है, तब उसे उसका पृथक से शुल्क देना होगा। यात्रियों से मौसम के अनुरूप वस्त्र, व्यक्तिगत उपयोग की सामग्री जैसे चादर तौलिया, साबुन, कंघा, दाढ़ी बनाने का सामान आदि साथ में रखने की अपेक्षा की गई है। साथ ही यात्रियों से अपने साथ ओरिजनल आधार कार्ड/वोटर आईडी कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य रूप से रखने की अपेक्षा की गई है।

समा.क्र./71

Related articles

कुसमुहाई में एक दिवसीय कार्यशाला एवं जैविक बीज वितरण कार्यक्रम आयोजित

  कुसमुहाई, शिप्रा सस्टेनेबल एनवायरनमेंट फाउंडेशन, शहडोल द्वारा कुसमुहाई क्षेत्र में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया...

जिले में कार्यवाही के बाद भी नहीं थमा अवैध रेत परिवहन

चाकाबुड़ा(विनोद साहू की रिपोर्ट )-:जिले में प्रशासनिक कार्यवाही के बावजूद अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर लगाम नहीं...

नोडल अधिकारी ने किया मूल्यांकन केंद्र का  औचक निरीक्षण ।

शुभ संकेत/सक्ती :-छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के समन्वय संस्था एवं मूल्यांकन केंद्र शा कन्या उ मा वि सक्ती...

बातोलेबाज सरकार खर्च नहीं कर पाई एक तिहाई बजट अब भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ेगा एक लाख करोड़ : माकपा

भोपाल l अब ज़ब वित्तीय वर्ष के खत्म होने में दो सप्ताह से भी कम का समय बचा...