शुभ संकेत/बाकीमोगरा:- (प्रकाश साहू की रिपोर्ट) नगर पालिका परिषद बाकीमोगरा के वार्ड क्रमांक 6 स्थित शांतिनगर में लंबे समय से नालियों की सफाई नहीं होने के कारण स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने एसईसीएल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द समाधान की मांग की है।

स्थानीय पार्षद तालिका साहू ने बताया कि नगर पालिका के माध्यम से कई बार क्षेत्र में सफाई कराई जा चुकी है, लेकिन एसईसीएल के अधीन आने वाली नालियों की महीनों से सफाई नहीं होने के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है। उनका कहना है कि एसईसीएल के ठेकेदार और कर्मचारी आज तक क्षेत्र का निरीक्षण करने भी नहीं पहुंचे हैं।
क्षेत्र के नागरिकों ने बताया कि बरसात के दौरान जाम नालियों के कारण बारिश का पानी घरों में घुस जाता है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गंदा नाली का पानी सड़कों पर फैलकर तालाब जैसी स्थिति बना देता है, जिससे आवागमन प्रभावित होने के साथ-साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
क्षेत्रवासियों ने एसईसीएल की कार्यप्रणाली को घोर लापरवाही बताते हुए मांग की है कि तत्काल नालियों की सफाई कराई जाए तथा जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को राहत मिल सके।



