शुभ संकेत/बांकी मोगरा:- नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा के वार्ड क्रमांक 17 की कांग्रेस पार्षद श्रीमती रूबी पवन गुप्ता ने क्षेत्रवासियों की आवागमन संबंधी समस्या को लेकर बांकी मोंगरा से कोरबा के बीच बंद पड़ी सिटी बस सेवा को पुनः शुरू कराने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जनहित में आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।

पार्षद ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि पूर्व में बांकी मोंगरा से कोरबा के लिए सिटी बस का नियमित संचालन होता था। इस सेवा का लाभ क्षेत्र के नागरिकों के साथ-साथ नौकरीपेशा लोगों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को भी मिलता था। सिटी बस बंद होने के बाद लोगों के सामने कोरबा आने-जाने के लिए सीमित परिवहन विकल्प रह गए हैं, जिससे रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि सिटी बस सेवा आम नागरिकों के लिए सस्ता और सुविधाजनक परिवहन माध्यम थी। इसके बंद होने से लोगों को निजी वाहनों और अन्य साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है, जिसके कारण यात्रा पर अतिरिक्त खर्च भी बढ़ गया है। खासकर छात्र-छात्राओं, कर्मचारियों और रोजाना कोरबा जाने वाले लोगों को इसका सीधा असर झेलना पड़ रहा है।
पार्षद रूबी पवन गुप्ता ने मांग की है कि क्षेत्र की आवश्यकता और नागरिकों की सुविधा को देखते हुए एसईसीएल बांकी मोंगरा से कोरबा मार्ग पर सिटी बस सेवा पुनः प्रारंभ की जाए। उन्होंने कहा कि बस सेवा बहाल होने से बांकी मोंगरा सहित आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कलेक्टर से जनहित में इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने तथा जल्द से जल्द सिटी बस संचालन शुरू कराने की मांग की है। क्षेत्रवासियों को भी उम्मीद है कि प्रशासन उनकी लंबे समय से चली आ रही परिवहन संबंधी समस्या का जल्द समाधान करेगा।



