अनूपपुर 26 अगस्त 2025/ मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग भोपाल के निर्देशानुसार जिले की नगरीय निकायों एवं पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के पुनरीक्षण वर्ष 2025 कार्यक्रम के तहत मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित सोन सभागार में मतदाता सूची पुनरीक्षण संबंधी प्रशिक्षण संपन्न हुआ। अपर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार पाण्डेय एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट की उपस्थिति में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स श्री अजय जैन एवं श्री कौशलेन्द्र सिंह द्वारा रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, ब्लाक एवं नगरीय निकाय स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स को मतदाता सूची तैयार करने के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया।
इस अवसर पर एसडीएम अनूपपुर श्री कमलेश पुरी, एसडीएम कोतमा श्री अजीत तिर्की, एसडीएम जैतहरी श्री सतीश वर्मा, तहसीलदार सहित ब्लाक तथा नगरीय निकाय के मास्टर ट्रेनर्स उपस्थित रहे।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार फोटोयुक्त प्रारूप मतदाता सूची का नगर पालिका वार्ड और अन्य विहित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन 8 अक्टूबर 2025 को किया जाएगा। प्रारूप मतदाता सूची के संबंध में 8 से 17 अक्टूबर तक दावे-आपत्ति लिये जाएंगे। दावे-आपत्तियों का निराकरण 27 अक्टूबर तक किया जाएगा। फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची का नगर पालिका वार्ड तथा अन्य विहित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन 13 नवम्बर 2025 को किया जाएगा।
समा.