एचपीवी टीकाकरण के लिए जिले की लक्षित 8596 किशोरी बालिकाओं में से अब तक 1684 का हुआ टीकाकरण
लक्षित बालिकाओं का टीकाकरण करा अभिभावक स्वास्थ्य सुरक्षा कवच प्रदान करें
अनूपपुर, 22 मार्च 2026/ भारत के राष्ट्रीय कार्यक्रम एचपीवी टीकाकरण के तहत अनूपपुर जिले में 14 वर्ष से 15 वर्ष 3 माह की बालिकाओं को टीकाकरण कर सर्वाइकल कैंसर से बचाव की सुरक्षा के लिए जिले की 8596 किशोरी बालिकाओं को लक्षित किया गया है।
कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी के दिशा निर्देशन में जिले में 28 फरवरी 2026 से अब तक 1684 से ज्यादा लक्षित किशोरी बालिकाओं का टीकाकरण किया जा चुका है।
जिला प्रशासन द्वारा टीकाकरण कार्य के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी व प्रमुख खंड चिकित्सा अधिकारियों को लक्षित किशोरी बालिकाओं के टीकाकरण के लिए सघन मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं।
क्या आप जानते हैं?
भारत के राष्ट्रीय कार्यक्रम में ‘गार्डासिल’ नामक क्वाड्रिवेलेंट एचपीवी टीके का उपयोग किया जा रहा है, जो एचपीवी टाइप 16 और 18 (जो सर्वाइकल कैंसर का कारण बनते हैं) के साथ-साथ टाइप 6 और 11 से भी सुरक्षा प्रदान करता है।


