शुभ संकेत/कोरबा:- कुसमुंडा क्षेत्र से दीपका जाने वाले कुचेना अंडरब्रिज में पहली ही बारिश ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। करोड़ों रुपये की लागत से बनाए गए अंडरब्रिज में बारिश का पानी भर जाने से पूरी सड़क तालाब में तब्दील हो गई। जलभराव के कारण वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाल की बारिश के बाद अंडरब्रिज में जलभराव की तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं, जिससे निर्माण की गुणवत्ता और जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अंडरब्रिज बनने के बाद पहली ही तेज बारिश में यह स्थिति सामने आ गई, जिससे करोड़ों रुपये की लागत से हुए निर्माण की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लग गया है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से अंडरब्रिज में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।



