डीजे और ध्वनि सीमा के नियमों का पालन करने के निर्देश, थाना प्रभारी सत्यम साहू ने की शांति व भाईचारा बनाए रखने की अपील
शुभ संकेत/बाकी मोगरा:-( प्रकाश साहू की रिपोर्ट) आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बाकी मोगरा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी सत्यम साहू ने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक प्रतिनिधियों, पार्षदों, पत्रकारों और डीजे संचालकों के साथ त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा को लेकर चर्चा की।
बैठक के दौरान त्योहारों में होने वाले आयोजनों, जुलूस, डीजे संचालन तथा ध्वनि स्तर को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित नियमों और ध्वनि सीमा का पालन सभी के लिए जरूरी है। उन्होंने डीजे संचालकों से समय एवं ध्वनि से जुड़े नियमों का पालन करने की अपील की।
थाना प्रभारी सत्यम साहू ने कहा कि त्योहार समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश देते हैं। इसलिए सभी समुदायों और वर्गों को एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित किया जाए।
बैठक में पुलिस प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए जाने वाले इंतजामों पर भी चर्चा हुई। उपस्थित सदस्यों ने प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और त्योहारों के दौरान पुलिस का सहयोग करने का भरोसा दिलाया।
थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के साथ-साथ समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से मिल-जुलकर त्योहार मनाने तथा बांकी मोंगरा क्षेत्र में आपसी सौहार्द और शांति का वातावरण बनाए रखने की अपील की।



