शुभ संकेत/छत्तीसगढ़:- बिलासपुर में एआई तकनीक का दुरुपयोग कर तस्वीरों से छेड़छाड़ करने और आपत्तिजनक व भ्रामक खबरें प्रकाशित करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिरगिट्टी पुलिस ने ‘द हनी बैजर न्यूज़’ पोर्टल के संचालक दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन को रायपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी तस्वीरों और भ्रामक खबरों के जरिए लोगों की सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल करने और ब्लैकमेलिंग करने का आरोप है।
मामले की शिकायत 29 अक्टूबर को तिफरा निवासी मणीशंकर पांडेय ने थाना सिरगिट्टी में दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, उनकी तस्वीर को एआई तकनीक से बदलकर न्यूज़ पोर्टल और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं अपमानजनक शीर्षकों के साथ प्रकाशित किया गया था। आरोप है कि ऐसा उन्हें बदनाम करने और ब्लैकमेल करने के उद्देश्य से किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सिरगिट्टी थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी दीपक टंडन को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्र स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनमें पोर्टल से संबंधित फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिलने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। फिलहाल मामले में ब्लैकमेलिंग और उगाही से जुड़े आरोपों के साथ अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल तकनीक का दुरुपयोग कर किसी की छवि खराब करने, प्रताड़ित करने या ब्लैकमेलिंग करने वालों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



