राज्य स्तरीय पदक विजेता खिलाड़ियों को मिलेगी खेलवृत्ति, 31 मई तक करें आवेदन
अनूपपुर 6 अप्रैल 2026/ संचालनालय, खेल और युवा कल्याण भोपाल के निर्देशानुसार जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों के लिए राज्य स्तरीय खेलवृत्ति हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह खेलवृत्ति उन खिलाड़ियों को प्रदान की जाएगी जिन्होंने 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के मध्य आयोजित अधिकृत राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक अर्जित किया है।
निर्धारित प्रावधानों के अनुसार स्वर्ण पदक विजेताओं को 10,000 रुपये, रजत पदक विजेताओं को 8,000 रुपये तथा कांस्य पदक विजेताओं को 6,000 रुपये की खेलवृत्ति राशि प्रदान की जाएगी।
खेलवृत्ति हेतु आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित की गई है। निर्धारित तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। इच्छुक एवं पात्र खिलाड़ी आवेदन संबंधी विस्तृत जानकारी चचाई रोड, अनूपपुर स्थित जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। खेलवृत्ति के दिशा-निर्देश व नियमावली विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.dsywmp.gov.in पर उपलब्ध है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं प्रभारी जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी, अनूपपुर द्वारा जिले के समस्त पात्र खिलाड़ियों से निर्धारित समय-सीमा में आवेदन करने की अपील की गई है।


