शुभ संकेत/छत्तीसगढ़:-भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया, जहां दर्शकों को हाई-वोल्टेज क्रिकेट देखने को मिला।
न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 209 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। महज दो ओवर के भीतर टीम इंडिया ने अपने दो अहम विकेट गंवा दिए, जिससे स्टेडियम में मौजूद घरेलू दर्शकों में कुछ देर के लिए मायूसी छा गई।
लेकिन इसके बाद मैदान पर आए ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव ने मैच का रुख पूरी तरह पलट दिया। दोनों बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज़ में बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाया और एक शानदार व तूफानी साझेदारी निभाई।
सूर्यकुमार यादव की विस्फोटक बल्लेबाजी और ईशान किशन की बेखौफ पारी की बदौलत भारतीय टीम ने बड़े लक्ष्य को 7 विकेट से आसानी से हासिल कर लिया। इस जोड़ी की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड को करारी शिकस्त दी और सीरीज में अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
रायपुर का स्टेडियम भारत की जीत के बाद तालियों और जयकारों से गूंज उठा, वहीं भारतीय बल्लेबाजों के इस प्रदर्शन ने दर्शकों को यादगार मुकाबले का तोहफा दिया।


