
सक्ति, 25 अप्रैल 2026: राष्ट्रीय वित्तीय साक्षरता दिवस के अवसर पर तालुका विधिक सेवा समिति सक्ती द्वारा एक दिवसीय वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल लेन-देन, बचत योजनाओं एवं वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत समिति की अध्यक्ष माननीय श्रीमती लीना अग्रवाल द्वारा की गई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में वित्तीय साक्षरता अत्यंत आवश्यक हो गई है। लोगों को अपने धन का सही प्रबंधन, सुरक्षित निवेश तथा डिजिटल माध्यमों का सावधानीपूर्वक उपयोग करना चाहिए।
शिविर में उपस्थित विशेषज्ञों द्वारा बैंक खातों के महत्व, बीमा योजनाओं, पेंशन योजनाओं तथा विभिन्न सरकारी वित्तीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही डिजिटल लेन-देन के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा सावधानियों पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में अपर सत्र न्यायाधीश कु. पुष्पलता मारकंडे, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री शुभदा गोयल, न्यायिक मजिस्ट्रेट कु. अंकिता देवदास सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण एवं कोर्ट स्टाफ उपस्थित रहे। वित्तीय साक्षरता टीम से श्री मनोज वर्मा (एलडीएम, एसबीआई सक्ती), श्री विवेक तिवारी (जिला समन्वयक), मुकेश बरेठ, सिरिया मिरि (फाइनेंशियल काउंसलर), खिलेश्वर बंजारे, अंबिका राठौर, पुष्पा सिदार तथा पैरालीगल वालेंटियर मनीष साहू, प्रहलाद बंजारे और भुनेश्वर साहू भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
शिविर में यह भी बताया गया कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में वित्तीय जानकारी के अभाव के कारण कई समस्याएं उत्पन्न होती हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से लोगों को जागरूक कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया और वित्तीय प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की।


