शुभ संकेत/बांकीमोंगरा:-बांकीमोंगरा नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद अश्वनी मिश्रा ने कटाईनार मुख्य मार्ग स्थित संजय पान ठेला के पास बनी पुलिया की खराब स्थिति को लेकर एसईसीएल के सब एरिया मैनेजर को तीसरा स्मरण पत्र भेजा है। उन्होंने पुलिया पर तत्काल सुरक्षा दीवार (साइड वॉल) का निर्माण और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।

पार्षद ने बताया कि पुलिया के दोनों किनारों पर सुरक्षा दीवार नहीं होने और सड़क के धंसकर जर्जर हो जाने से यहां से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उनका कहना है कि इस स्थान पर पहले भी हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

उन्होंने जानकारी दी कि इस समस्या को लेकर 25 जुलाई 2025 और 21 जनवरी 2026 को भी एसईसीएल प्रबंधन को पत्र भेजा गया था। इसके अलावा 21 मई 2026 को आयोजित सुशासन तिहार शिविर में भी आवेदन देकर समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन लंबे समय बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
पार्षद अश्वनी मिश्रा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते पुलिया पर सुरक्षा दीवार का निर्माण और सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तथा भविष्य में कोई दुर्घटना होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी एसईसीएल प्रबंधन की होगी।
उन्होंने जनहित और क्षेत्रवासियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एसईसीएल से शीघ्र निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।



