नई दिल्ली, 6 जून 2026। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया गया। दिल्ली पुलिस से अनुमति मिलने के बाद सुबह 10 बजे से आंदोलन शुरू हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र, युवा और समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताएं, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक तथा युवाओं से जुड़े रोजगार और शिक्षा संबंधी सवाल रहे।
कॉकरोच जनता पार्टी एक सोशल मीडिया आधारित युवा आंदोलन के रूप में उभरी है। इसके संस्थापक Abhijeet Dipke हैं, जो अमेरिका से दिल्ली पहुंचकर आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं। आंदोलनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई और शिक्षा सुधार को लेकर सरकार पर सवाल खड़े किए।
जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। पुलिस ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की और प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया। आंदोलन के आयोजकों ने भी समर्थकों से तिरंगा और किताब लेकर आने तथा पूरी तरह शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील की।जंतर-मंतर में कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन, युवाओं की आवाज़ बनी बड़ी बहस


