अनूपपुर जिला ब्यूरो महेश प्रजापति की रिपोर्ट
पार्थिव देह ससम्मान लाने के लिए कलेक्टर व सीईओ सजग और सक्रिय
दुर्घटना में घायल जिले के अन्य दो श्रमिक की स्थिति सामान्य उपचार उपरांत किए गए डिस्चार्ज
अनूपपुर 03 जुलाई 2026/कर्नाटक प्रांत की एक ग्रेनाइट खदान में चट्टान धंसने से हुई आकस्मिक हृदयविदारक दुर्घटना में अनूपपुर जिले के 2 श्रमिकों के असामयिक निधन पर जिला प्रशासन ने गहरा शोक व चिंता व्यक्त की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना में जनपद पंचायत जैतहरी के ग्राम पंचायत सेमरवार (वार्ड नंबर 9) निवासी 36 वर्षीय श्री भुवनेश्वर सिंह गोंड एवं ग्राम पंचायत सिंधौरा निवासी 22 वर्षीय श्री राजेश कुमार चौधरी दुर्घटना में प्रभावित हुए है। इस अत्यंत कठिन और संकट की घड़ी में जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ संवेदनशीलता से खड़ा है। जिला प्रशासन दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायल श्री छोटेलाल एवं श्री गुलाब सिंह के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए परिजनों के प्रति अपनी गहरी सहानुभूति प्रकट की है। घायल व्यक्तियों की वर्तमान में स्थिति उपचार उपरांत सामान्य है।
उक्त घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। दोनों दिवंगतो के पार्थिव देह को पूर्ण ससम्मान और सुरक्षित रूप से उनके गृह ग्राम वापस लाने तथा दुर्घटना से प्रभावित श्री छोटेलाल एवं श्री गुलाब सिंह के समुचित इलाज व देखभाल के लिए तत्परता से प्रयास किए जा रहे हैं। घायलों की स्थिति सामान्य बताई गई है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री हर्षल पंचोली ने इस आकस्मिक दुर्घटना पर गहरा दुख जताते हुए जिले के संबंधित टीम के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे कर्नाटक के स्थानीय प्रशासन, अस्पताल प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों से निरंतर संपर्क रखकर समन्वय सुनिश्चित करें। उन्होंने आश्वस्त किया है कि दिवंगत श्रमिकों के पार्थिव शरीरों को शीघ्र गृह जिला लाने और घायल श्रमिकों को हर संभव चिकित्सकीय सहायता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्राथमिकता के साथ पूरी की जा रही हैं।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी भी संपूर्ण प्रशासनिक समन्वय की बारीकी से निगरानी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की टीम पीड़ित व प्रभावित परिवारों के निरंतर संपर्क में है और स्थानीय अधिकारियों के माध्यम से सभी जरूरी औपचारिकताओं को तेजी से पूरा कराया जा रहा है, ताकि गृह विभाग और अन्य माध्यमों से समन्वय कर पार्थिव देह ससम्मान शीघ्र अनूपपुर लाई जा सके। जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों को हर संभव प्रशासनिक और ढांढस रूपी संबल प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


