*जिला ब्यूरो
महेश प्रजापति जैतहरी, अनूपपुर* मानसून की तेज बारिश और खराब मौसम के बीच भी वन विभाग का अमला हाथियों की सुरक्षा और ग्रामीणों की जान-माल की रक्षा के लिए मुस्तैद है। वन परिक्षेत्र जैतहरी के रेंजर विवेक मिश्रा के नेतृत्व में विभाग का पूरा स्टाफ लगातार गश्त और निगरानी कर रहा है।
पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में 1-3 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। हाथियों के मूवमेंट को देखते हुए विभाग ने अलर्ट जारी किया है। रेंजर विवेक मिश्रा ने बताया कि “बारिश के कारण जंगल के रास्ते फिसलन भरे और दुर्गम हो गए हैं, लेकिन हमारी टीम दिन-रात पेट्रोलिंग कर रही है। हमारा पहला लक्ष्य है कि हाथी आबादी वाले क्षेत्रों की तरफ न बढ़ें और ग्रामीण भी सुरक्षित रहें।”
इस काम में हाथी मित्र दल के सदस्य विकास राठौर और दिनेश राठौर की अहम भूमिका निभा रहे हैं। ये दोनों सदस्य खराब मौसम के बावजूद पैदल गश्त कर हाथियों की लोकेशन ट्रैक कर रहे हैं और तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दे रहे हैं। दल द्वारा आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को रात में जंगल की ओर न जाने, फसलों की रखवाली अकेले न करने और हाथियों के दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करने की अपील की जा रही है।
विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई दल भी गठित किया गया है जो हाथियों को आबादी से दूर खदेड़ने के लिए 24 घंटे तैयार है। रेंजर मिश्रा ने ग्रामीणों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में वन विभाग के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी वन विभाग और हाथी मित्र दल के इस समर्पण की सराहना की है। उनका कहना है कि टीम की सक्रियता से ही अब तक किसी तरह की जन-धन की हानि नहीं हुई है।


