बाकी मोगरा (विनोद साहू की रिपोर्ट ) -: नगर पालिका परिषद् गठन के बाद संसाधनों एवं मेन पावर की कमी के बावजूद बाँकी मोंगरा क्षेत्र की मूलभूत व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। चुनाव सम्पन्न होने के बाद जनप्रतिनिधियों के निर्वाचित होते ही प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को गति दी गई है।
जनता की लंबे समय से लंबित मांगों जैसे स्ट्रीट लाइट, खेल मैदान, डेली मार्केट, मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार एवं सुविधायुक्त निर्माण, मंगल भवन तथा विभिन्न समाजों के लिए सामुदायिक भवन निर्माण जैसे कार्यों पर तेजी से काम चल रहा है। कई योजनाओं की निविदा भी जारी कर दी गई है, जिससे आने वाले समय में क्षेत्र में विकास का नया स्वरूप दिखाई देगा।
मुख्य नगर परिषद् अधिकारी ज्योत्सना टोपों ने बताया कि परिषद् क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बाँकी के हृदय स्थल पर स्थित डेली मार्केट, जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है, काफी पुराना हो चुका है। इसे सुविधायुक्त एवं आधुनिक स्वरूप देने के उद्देश्य से सौंदर्यीकरण किया जाएगा, ताकि लघु एवं फुटकर सब्जी विक्रेताओं को बेहतर सुविधाएँ मिल सकें।
उन्होंने कहा कि परिषद् क्षेत्र के विकास कार्यों में कुछ लोग बाधा उत्पन्न करने की कोशिश कर रहे हैं और भ्रम फैलाकर आम जनता एवं फुटकर व्यापारियों के बीच डर का माहौल बना रहे हैं, जबकि ऐसी कोई स्थिति नहीं है। प्रशासन का स्पष्ट रुख है कि डेली मार्केट को हटाया नहीं जाएगा, बल्कि जहाँ वर्तमान में मार्केट संचालित हो रहा है, वहीं उसका विकास एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
मुख्य नगर परिषद् अधिकारी ने आम जनता और व्यापारियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों और भ्रमक जानकारी पर ध्यान न दें तथा विकास कार्यों में सहयोग करें।


