
सक्ति। जैजैपुर के समीपस्थ भोथिया तहसील अंतर्गत ग्राम भोथिया में स्थित मां मईनका दाई मंदिर में शारदीय नवरात्रि महापर्व की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। नवरात्रि पर्व के अवसर पर 11 अक्टूबर से मनोकामना ज्योति कलश एवं ज्वारा ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। नवरात्रि को लेकर मंदिर विकास समिति, ग्राम बैगा एवं समस्त ग्रामवासी आवश्यक व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।
ग्राम भोथिया में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी लोककल्याण एवं श्रद्धालुओं की मनोकामना पूर्ति के उद्देश्य से शारदीय नवरात्रि महापर्व का आयोजन किया जा रहा है। 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक चलने वाले नवरात्रि पर्व के दौरान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। मंदिर बैगा द्वारा प्रतिदिन प्रातः एवं संध्या आरती सहित धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे।
नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा बड़ी संख्या में मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित कराए जाते हैं। इसके लिए मंदिर विकास समिति द्वारा रसीद की व्यवस्था की गई है। घृत ज्योति के लिए 1201 रुपये तथा तेल ज्योति के लिए 801 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। घट स्थापना के बाद मनोकामना ज्योति कलश एक साथ प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
मां मईनका दाई मंदिर में नवरात्रि के दौरान ज्योति कलश प्रज्ज्वलित कराने का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। श्रद्धालु अपनी मनोकामना लेकर देवी के दरबार में ज्योति प्रज्ज्वलित कराते हैं और नवरात्रि पर्व के दौरान मंदिर में बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना है।
क्या कहते हैं सरपंच प्रतिनिधि
सरपंच प्रतिनिधि राकेश चंद्रा ने बताया कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मंदिर विकास समिति एवं ग्राम पंचायत द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।


