शुभ संकेत/देवपहरी:- वाटरफॉल के पास फोटो खिंचवाने पहुंचे तीन युवक अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से टापू पर फंस गए। तेज बहाव और अंधेरे के बीच तीनों ने करीब 15 घंटे तक रातभर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष किया। सुबह पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों युवकों को रस्सी के सहारे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू किए गए युवकों की पहचान धनेश्वर सारथी, घनश्याम महंत और सूरज सारथी के रूप में हुई है। तीनों गुरमा श्यांग के रहने वाले बताए गए हैं। सतरेंगा घूमने के बाद वे देवपहरी वाटरफॉल पहुंचे थे। फोटो खींचने के दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव के कारण तीनों बीच टापू पर फंस गए।
छतरी में बिताई रात, वीडियो कॉल से जुड़ी रही रेस्क्यू टीम
पानी बढ़ने के बाद तीनों युवकों ने टापू के बीच बनी छतरी में शरण ली। रातभर अंधेरे और तेज बहाव के बीच वे वहीं फंसे रहे। युवकों ने वीडियो कॉल के जरिए रेस्क्यू टीम से संपर्क बनाए रखा और अपनी लोकेशन की जानकारी देते रहे। टीम ने उन्हें सुरक्षित स्थान पर रहने और घबराने से बचने की सलाह दी।
टॉर्च की रोशनी के जरिए रातभर उनकी लोकेशन पर नजर रखी गई। सुबह स्थिति अनुकूल होने पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू अभियान चलाया और रस्सी के सहारे तीनों को नदी पार कराकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।



