
सक्ति
जिला साहू संघ, शक्ति के आगामी चुनाव को लेकर समाज में गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में नंदेली निवासी समाजसेवी मनहरण (साधुराम) साहू ने जिला साहू संघ शक्ति के अध्यक्ष पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की औपचारिक घोषणा की है।
प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उन्होंने साहू समाज के समस्त स्वजातीय भाइयों एवं बहनों को सादर प्रणाम करते हुए कहा कि अध्यक्ष पद उनके लिए केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि समाज सेवा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि वर्षों से वे परिक्षेत्र एवं तहसील स्तर पर समाज की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते आ रहे हैं और समाज के हर सुख-दुख में सहभागी बने हैं।
मनहरण साहू ने कहा कि युवाओं, किसानों, महिलाओं और बुजुर्गों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनना और उनके समाधान हेतु प्रयास करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा रहा है। संगठन को मजबूत करना, समाज में आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना और जरूरतमंदों की सहायता करना उनके मुख्य उद्देश्य हैं।
उन्होंने कहा कि इस चुनाव में उनका लक्ष्य केवल जीत हासिल करना नहीं, बल्कि समाज को संगठित कर आने वाली पीढ़ी के लिए मजबूत और सशक्त आधार तैयार करना है। शिक्षा, संगठन की मजबूती और साहू समाज की गरिमा को नई ऊँचाइयों तक ले जाना ही उनका संकल्प है।
मनहरण (साधुराम) साहू ने समाज के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बहुमूल्य मत और आशीर्वाद देकर उन्हें सेवा का अवसर प्रदान करें। उन्होंने विश्वास जताया कि समाज का हर एक वोट साहू समाज के उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करेगा।
अंत में उन्होंने सभी से मिलकर एक सशक्त, संगठित और सम्मानित साहू समाज के निर्माण के लिए आगे आने का आह्वान किया।
जय भक्ति माता कर्मा
जय साहू समाज


