
सक्ती। आम आदमी पार्टी जिला सक्ती ने केंद्र सरकार से शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार करने और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि देश के करोड़ों छात्र-छात्राओं के भविष्य को देखते हुए शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं विधानसभा प्रभारी चंद्रपुर रोहित यादव ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, लेकिन केवल इस्तीफा ही पर्याप्त नहीं है। केंद्र सरकार को परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए ठोस, प्रभावी और तकनीकी रूप से सुरक्षित व्यवस्था लागू करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की परीक्षा अनियमितता की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है। यदि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर प्रश्न उठते हैं, तो इसका सीधा असर देश के युवाओं के भविष्य और उनके मनोबल पर पड़ता है। इसलिए परीक्षा में अनियमितता के दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई करते हुए ऐसी व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं की पवित्रता हर हाल में बनी रहे।
रोहित यादव ने केंद्र सरकार से शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार कर छात्रों का विश्वास पुनः स्थापित करने तथा भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता के लिए स्पष्ट जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य सर्वोच्च प्राथमिकता होना चाहिए और शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी, जवाबदेह एवं राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त बनाया जाना चाहिए।


