
••••••••••••••••••••••••••••••••••••••
अनूपपुर:-अखिल विश्व गायत्री परिवार जिला अनूपपुर के मार्गदर्शन एवं शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा समिति द्वारा 3 अक्टूबर 2026, शनिवार को दोपहर 12 से 1 बजे तक जिले में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
गायत्री परिवार के संस्थापक पं. श्रीराम शर्मा आचार्य एवं परम वंदनीय माता भगवती देवी शर्मा के विचारों एवं उद्देश्यों को विद्यार्थियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस परीक्षा में जिले की चारों तहसीलों पुष्पराजगढ़, कोतमा, अनूपपुर एवं जैतहरी के लगभग 70 प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों सहित महाविद्यालयों के करीब 2700 विद्यार्थी सम्मिलित होंगे।
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा विद्यार्थियों में संस्कार, नैतिकता, चरित्र निर्माण, राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यबोध, भारतीय संस्कृति एवं मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों के ज्ञान के साथ-साथ उनके चिंतन, व्यवहार एवं जीवन-दृष्टि में सकारात्मक और रचनात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस आयोजन को सफल बनाने में जिले के प्रधानाध्यापकों, प्राचार्यों, शिक्षकों तथा अखिल विश्व गायत्री परिवार के सक्रिय प्रज्ञा परिजनों का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है। समन्वित प्रयासों से यह परीक्षा जिले में संस्कारयुक्त एवं संस्कृति-प्रेमी युवा पीढ़ी के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बन रही है।
अनूपपुर जिले में 3 अक्टूबर को होगी भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा चारों तहसीलों के लगभग 70 विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के 2700 विद्यार्थी होंगे सम्मिलित
Date:


