शुभ संकेत/रायपुर:- रायपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। महादेव सट्टा ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर को सीबीआई की टीम रायपुर स्थित सीबीआई दफ्तर लेकर पहुंची है। सौरभ चंद्राकर के पहुंचने के बाद सीबीआई कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
बताया जा रहा है कि सौरभ चंद्राकर को मीडिया से बचाते हुए रायपुर एयरपोर्ट से रवाना किया गया। इस दौरान एयरपोर्ट की लाइटें बंद कराए जाने की भी जानकारी सामने आई है, ताकि मीडिया की नजरों से बचते हुए उसे बाहर निकाला जा सके।
सौरभ चंद्राकर को सीबीआई कार्यालय में लाए जाने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अब सीबीआई की टीम उससे महादेव सट्टा ऐप मामले में पूछताछ करेगी। मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं और संभावित कड़ियों को लेकर पूछताछ किए जाने की तैयारी है।
जानकारी के मुताबिक, सीबीआई सौरभ चंद्राकर को कल सीबीआई कोर्ट में पेश करेगी। इसके बाद पूछताछ के लिए उसे रिमांड पर लेने की मांग की जा सकती है। अब सबकी नजरें कल होने वाली कोर्ट की पेशी और सीबीआई की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।



