बांध में छलांग लगाते ही तेज बहाव में बहा युवक, तलाश में जुटी रेस्क्यू टीम ।

Date:

Share post:

शुभ संकेत/कोरबा:- मिनीमाता हसदेव बांगो बांध इन दिनों लगातार बारिश के चलते उफान पर है। बांध के 7 गेट खोले गए हैं और करीब 25 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसी बीच शनिवार को बांध का नजारा देखने पहुंचे 23 वर्षीय युवक ने अचानक खुले गेट की दिशा में छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। युवक कुछ देर तक पानी में तैरता नजर आया, लेकिन तेज बहाव के बीच अचानक आंखों से ओझल हो गया। पुलिस और रेस्क्यू टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार पाली थाना क्षेत्र के चैतमा गांव निवासी रंजीत यादव (23) अपने तीन दोस्तों के साथ मिनीमाता हसदेव बांगो बांध घूमने पहुंचा था। चारों दोस्त गार्डन के पास खड़े होकर बांध का नजारा देख रहे थे। इसी दौरान रंजीत अपने दोस्तों से कुछ दूरी पर चला गया और अचानक गार्डन की रेलिंग पर चढ़कर बांध के खुले गेट की दिशा में छलांग लगा दी।

रंजीत के अचानक छलांग लगाने से वहां मौजूद लोग सकते में आ गए। बताया जा रहा है कि पानी में गिरने के बाद वह कुछ देर तक तेज बहाव के बीच तैरता हुआ दिखाई दिया। दोस्तों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव काफी तेज होने के कारण कुछ ही देर में रंजीत नजरों से ओझल हो गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू एवं तलाशी अभियान शुरू किया। थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश वर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी जुटाने के साथ ही युवक के परिजनों को भी सूचना दी।

कुछ ही देर में रंजीत के परिजन मौके पर पहुंचे। बेटे के लापता होने की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटनास्थल पर गमगीन माहौल बना हुआ है।

तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण नीतिश ठाकुर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। बांध से पानी छोड़े जाने के कारण बहाव काफी तेज है, जिसके चलते रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश लगातार की जा रही है। हालांकि अभी तक रंजीत का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

बांध के आसपास जाने से बचने की अपील

मिनीमाता हसदेव बांगो बांध में लगातार पानी की आवक और गेट खोले जाने के चलते प्रशासन की ओर से पहले ही लोगों को सुरक्षा संबंधी चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग बांध का नजारा देखने पहुंच रहे हैं।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मानसून के दौरान बांध, नदी, जलाशय और अन्य तेज बहाव वाले जलस्रोतों के पास जाने से बचें। खासकर जब बांध के गेट खुले हों, उस समय पानी के नजदीक जाना बेहद खतरनाक हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाने की अपील की है।

फिलहाल रंजीत यादव की तलाश जारी है और पुलिस एवं रेस्क्यू टीम की निगाहें बांध के तेज बहाव वाले क्षेत्र में लगातार बनी हुई हैं।

      Related articles

      मां मईनका दाई मंदिर में शारदीय नवरात्रि की तैयारी, 11 अक्टूबर से प्रज्ज्वलित होंगी मनोकामना ज्योतियां

       सक्ति। जैजैपुर के समीपस्थ भोथिया तहसील अंतर्गत ग्राम भोथिया में स्थित मां मईनका दाई मंदिर में शारदीय नवरात्रि...

      सेवा संकल्प के तहत बांकीमोंगरा चौपाटी में चला स्वच्छता का महाअभियान, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने किया श्रमदान

      पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा और सीएमओ ज्योत्सना टोप्पो के नेतृत्व में हुई साफ-सफाई, स्वच्छ एवं सुंदर शहर...

      अनूपपुर जिले में 3 अक्टूबर को होगी भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा चारों तहसीलों के लगभग 70 विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के 2700 विद्यार्थी होंगे सम्मिलित

      •••••••••••••••••••••••••••••••••••••• अनूपपुर:-अखिल विश्व गायत्री परिवार जिला अनूपपुर के मार्गदर्शन एवं शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा...

      वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय राजू खत्री जी को छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ बांकी मोंगरा इकाई के पत्रकारों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

      शुभ संकेत/बांकी मोंगरा -( विनोद साहू की रिपोर्ट) छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ, बांकी मोंगरा इकाई के तत्वावधान में...