
••••••••••••••••••••••••••••••••••••••
अनूपपुर:-अनूपपुर जिले के लिए गौरव का विषय है कि ग्राम-हर्री के शिवम सिंह राठौर ने JEE परीक्षा में 99.21 पर्सेंटाइल प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक (AIR) 2803 अर्जित की तथा आईआईटी जोधपुर में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग शाखा में चयनित होकर जिले, राठौर समाज एवं अपने परिवार का नाम गौरवान्वित किया है।
शिवम ने कक्षा 10वीं की शिक्षा बाल भारती विद्यालय-जैतहरी तथा कक्षा 12वीं की शिक्षा डी.वी.एम. स्कूल-अनूपपुर से प्राप्त की। उन्होंने एक वर्ष बिलासपुर में मोशन कोचिंग तथा एक वर्ष स्व-अध्ययन के बल पर यह उल्लेखनीय सफलता अर्जित की, जो उनकी लगन, अनुशासन और आत्मविश्वास का उत्कृष्ट उदाहरण है।
वे श्री उदय सिंह राठौर एवं श्रीमती आशा राठौर के सुपुत्र हैं। उनके दादा श्री ललन सिंह राठौर (सेवा निवृत्त शिक्षक) अखिल विश्व गायत्री परिवार के पूर्व जिला समन्वयक एवं वर्तमान में गायत्री चेतना केंद्र, अनूपपुर के व्यवस्थापक हैं तथा दादी श्रीमती गीता राठौर भी गायत्री परिवार की सक्रिय कार्यकर्ता हैं।
परिवार ने इस सफलता का श्रेय अखिल विश्व गायत्री परिवार के संस्थापक युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के दिव्य आशीर्वाद, माता-पिता के संस्कार, गुरुजनों के मार्गदर्शन तथा निरंतर परिश्रम को दिया है।
शिवम की यह उपलब्धि न केवल अनूपपुर जिले, बल्कि राठौर समाज, अखिल विश्व गायत्री परिवार तथा प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। यह सफलता सिद्ध करती है कि दृढ़ संकल्प, सतत परिश्रम और श्रेष्ठ संस्कारों के साथ सीमित संसाधनों में भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट स्थान प्राप्त किया जा सकता है।
अनूपपुर के शिवम सिंह राठौर ने IIT-JEE में लहराया परचम, IIT जोधपुर में चयन।
Date:


