कोरबा (विनोद साहू की रिपोर्ट ) -: छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ कोरबा जिला एवं ब्लॉक इकाई की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को कटघोरा के कासनिया स्थित वन विभाग विश्राम गृह में आयोजित की गई। प्रदेश संगठन के विस्तार और जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद आयोजित इस बैठक में संगठन को मजबूत करने, पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर व्यापक चर्चा की गई।
बैठक का आयोजन छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी एवं प्रदेश महासचिव विश्वदीपक राई के निर्देश पर कोरबा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष शशिकांत डिक्सेना के नेतृत्व में किया गया। बैठक में संगठन के संरक्षक कृष्णगोपाल मित्तल, हितेश अग्रवाल,विनोद साहू , देवेंद्र श्रीवास, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं संभाग अध्यक्ष राहुल डिक्सेना विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस दौरान कटघोरा, कुसमुंडा, बालको, दर्री तथा पोंडी उपरोड़ा क्षेत्र के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। बैठक में जिला स्तरीय पत्रकार सम्मेलन, कार्यशाला के आयोजन तथा प्रदेश स्तरीय सम्मेलन को सफल बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों को नियमित और सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को जिला एवं ब्लॉक स्तर पर बैठक आयोजित करने पर सर्वसम्मति से सहमति बनी। बैठक में संगठन के विस्तार और मजबूती को लेकर नई रणनीति भी तैयार की गई। इसी क्रम में जिलाध्यक्ष शशिकांत डिक्सेना ने जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारियों की सर्वसम्मति से नई नियुक्तियों की घोषणा की।
घोषित पदाधिकारियों में कुसमुंडा निवासी ओम गभेल को जिला महासचिव तथा शारदा पाल को जिला सचिव नियुक्त किया गया। वहीं ब्लॉक स्तर पर आशुतोष शर्मा को कटघोरा ब्लॉक अध्यक्ष, मणि निंजा को दर्री ब्लॉक अध्यक्ष एवं जितेंद्र साहू को बालको ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। संगठनात्मक विस्तार के तहत पोंडी उपरोड़ा ब्लॉक को पसान ब्लॉक से पृथक करते हुए नई ब्लॉक इकाई का गठन किया गया। इस नवगठित इकाई के लिए नानक सिंह राजपूत के नाम पर सर्वसम्मति बनने के बाद उन्हें पोंडी उपरोड़ा ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
इसके अतिरिक्त छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के सोशल मीडिया प्रभारी एवं जिला प्रवक्ता के रूप में आलोक पांडेय की नियुक्ति की गई। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया तथा उपस्थित पदाधिकारियों एवं पत्रकार साथियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। बैठक के दौरान संगठन को पत्रकार हितों के लिए और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने का संकल्प भी दोहराया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ कोरबा से जुड़े बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।


