
सेंदुरस। ग्राम पंचायत सेंदुरस के शनिचरी बाजार चौक में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर मां दुर्गा जी विराजमान हैं। माता रानी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पूरे गांव में भक्तिमय माहौल बना हुआ है और नवरात्रि को लेकर लोगों में खुशी की लहर है।

नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन सुबह और शाम मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की जा रही है। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाता है। वहीं, प्रतिदिन जसगीत एवं आकर्षक झांकी कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें ग्रामीण बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।


माता रानी की भक्ति में पूरा गांव डूबा हुआ है। पूजा-पाठ, जसगीत और झांकी कार्यक्रम से शनिचरी बाजार चौक का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। श्रद्धालु मां दुर्गा से परिवार एवं गांव की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना कर रहे हैं। नवरात्रि पर्व ने गांव में धार्मिक उत्साह, आपसी भाईचारे और उल्लास का माहौल बना दिया है।
जय माता दी!



