शुभ संकेत/रतिजा (कोरबा)। (विनोद साहू की रिपोर्ट) ग्राम रतिजा में नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को लेकर पूरे गांव में उत्साह और उल्लास का माहौल है। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी ग्रामवासी मिल-जुलकर धार्मिक आस्था और पारंपरिक उत्साह के साथ पर्व मना रहे हैं।
नवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ 13 अक्टूबर को कलश यात्रा के साथ हुआ। इसके पश्चात विधि-विधान से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई। प्रतिमा स्थापना के साथ ही गांव में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना में जुटे हैं तथा पर्व को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
आयोजन के तहत 23 अक्टूबर को दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जो बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। रावण दहन के पश्चात ग्रामवासियों के सहयोग से डांस प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा।
ग्रामवासियों की सामूहिक सहभागिता और सहयोग से आयोजित यह उत्सव गांव की एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत कर रहा है। पूरे गांव में पर्व को सफल बनाने के लिए उत्साह का माहौल है।



