दर्री पुलिस की त्वरित कार्रवाई, वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर सहित करीब एक लाख रुपये के चोरी के उपकरण बरामद
शुभ संकेत/कोरबा। दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत सीएसईबी के निर्माणाधीन 1320 मेगावाट विद्युत संयंत्र स्थल पर हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। निर्माण कार्य में उपयोग होने वाले कीमती औद्योगिक उपकरण चोरी करने वाले दो आरोपियों को दर्री पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए करीब एक लाख रुपये के सभी उपकरण शत-प्रतिशत बरामद कर लिए हैं।
29 अक्टूबर की रात निर्माण स्थल को बनाया निशाना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुधीर जैन की फर्म ‘सिद्धि विनायक एसोसिएट्स’ सीएसईबी के 1320 मेगावाट विद्युत संयंत्र निर्माण स्थल पर सब-कॉन्ट्रैक्टर के रूप में कार्यरत है। इसी दौरान 29 अक्टूबर की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने कार्यस्थल से वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर, केबल, कटर मशीन सहित अन्य जरूरी उपकरण चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई। मामले में 30 अक्टूबर को प्रार्थी ने थाना दर्री पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचे आरोपी
शिकायत मिलते ही दर्री पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान मिली सटीक सूचना के आधार पर संदेही रोहित शुक्ला और संदीप भोई को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
चोरी का पूरा सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पुरानी वेल्डिंग मशीन (VIVGO Plus), एक 14 इंच की चश्मा मशीन (Bosch), दो 4 इंच प्लाई कटर मशीन और एक 7 इंच ग्राइंडर मशीन सहित करीब एक लाख रुपये का चोरी गया सामान बरामद किया।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस ने चोरी के सभी उपकरण जब्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद दोनों आरोपियों को 1 नवंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
दर्री पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से निर्माणाधीन विद्युत संयंत्र स्थल पर हुई चोरी की घटना का खुलासा हुआ और चोरी गए उपकरण भी बरामद कर लिए गए।



