शुभ संकेत/बिलासपुर:- पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के कड़े रुख और ‘सिटिजन फ्रेंडली’ एवं निष्पक्ष पुलिसिंग के निर्देश पर बिलासपुर की तोरवा थाना और साइबर सेल की टीम ने एक अनोखे और गंभीर मामले का भंडाफोड़ किया है। एक युवती द्वारा अपने पूर्व प्रेमी (एक्स-बॉयफ्रेंड) को झूठे मामले में फंसाने की साजिश को पुलिस ने अपनी सूझबूझ और तकनीकी जांच से बेनकाब कर दिया है।
मामला क्या है?
तोरवा थाना अंतर्गत रहने वाली युवती प्रीति सूर्यवंशी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका पूर्व प्रेमी उसे सोशल मीडिया पर परेशान कर रहा है और इंस्टाग्राम के माध्यम से अश्लील व भद्दी वीडियो भेज रहा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की।
साइबर सेल और पुलिस की जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जब तोरवा थाना और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण (Technical Analysis) और साइबर इनवेस्टिगेशन शुरू की, तो सच्चाई कुछ और ही निकली।
खुद रची साजिश: जांच में पाया गया कि शिकायतकर्ता प्रीति सूर्यवंशी ने खुद ही अपने मोबाइल से दो फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई थीं।
खुद को ही भेजे वीडियो: वह इन फर्जी आईडी का उपयोग करके खुद के ही असली अकाउंट पर अश्लील और आपत्तिजनक वीडियो भेज रही थी, ताकि वह अपने पूर्व प्रेमी को फंसा सके।
पुलिस की अपील
“बिलासपुर पुलिस किसी भी पीड़ित की शिकायत पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन कानून का दुरुपयोग कर किसी बेकसूर को फंसाने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। डिजिटल फुटप्रिंट्स कभी झूठ नहीं बोलते।”
—



