शुभ संकेत/बांकीमोंगरा 🙁 आशीष कुमार की रिपोर्ट) नगर में चल रहे निर्माण कार्य में कथित लापरवाही का खामियाजा अब पीएम श्री आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, मोंगरा के सैकड़ों छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है। निर्माण कार्य के दौरान गलत स्थान पर नींव की खुदाई किए जाने से विद्यालय के मुख्य प्रवेश मार्ग पर बड़ी मात्रा में मिट्टी फैल गई। लगातार हो रही बारिश के बाद यह मार्ग पूरी तरह कीचड़ में बदल गया, जिससे विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों का आवागमन मुश्किल हो गया है।

स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि निर्माण कार्य में लगा एक भारी ट्रक भी कीचड़ में फंस गया, जिससे स्कूल का मुख्य रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया। स्कूल के प्रवेश द्वार से लेकर मुख्य सड़क तक फिसलन और दलदल जैसी स्थिति बनी हुई है। ऐसे में छोटे बच्चों के गिरकर घायल होने का खतरा लगातार बना हुआ है।
विद्यालय प्रबंधन ने इस समस्या को गंभीर बताते हुए नगर निगम की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) और बांकीमोंगरा नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष को इसकी जानकारी दी है। प्राचार्य ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द मार्ग की मरम्मत कराना आवश्यक है।
वार्ड क्रमांक 3 के पार्षद ने बताया कि नगर निगम अधिकारियों से चर्चा करने पर उन्हें बताया गया कि फिलहाल जेसीबी और मुरूम उपलब्ध नहीं है। संसाधनों के अभाव का हवाला देते हुए तत्काल सुधार कार्य शुरू नहीं हो सका है, जिससे समस्या जस की तस बनी हुई है।
विधायक प्रतिनिधि जनक राम यादव ने कहा कि प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं इसी मार्ग से विद्यालय आते-जाते हैं। ऐसे में मुख्य प्रवेश मार्ग पर कीचड़ और फिसलन बने रहना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते मार्ग की मरम्मत नहीं कराई गई तो कोई भी अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने संबंधित विभाग से तत्काल जेसीबी, मुरूम और अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था कर मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की।
वहीं अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि स्कूल जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की बदहाल व्यवस्था प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती है। बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।



